उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक्सीडेंट के बाद भीड़ ने कार सवार को बुरी तरह से पीटा. जिसके बाद व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस मामले में जांच कर रही है.

वाराणसी में देर रात हादसा
उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव में रविवार को रात लगभग 11 बजे एक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में अपनी फैक्ट्री से लौट रहे एक व्यापारी की कार की महिला से टक्कर हो गई. इस दौरान महिला के पैर में चोट लगी, जिसके कारण उसे अस्पताल भेज दिया गया, लेकिन इसके बाद भी वहां मौजूद भीड़ ने हिंसा शुरू कर दी.
भीड़ ने व्यापारी को बुरी तरह पीटा
घटना के समय वहां मौजूद लोगों ने व्यापारी को उसकी अल्टो कार से बाहर निकालकर बुरी तरह मारा, जिससे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसके बाद व्यक्ति को तुरंत ही BHU अस्पताल ले जाया गया. गंभीर रूप से घायल होने के कारण व्यक्ति की अस्पताल में ही मौत हो गई. मृतक की पहचान व्यापारी मनीष सिंह के रूप में की गई है. वह अपनी फैक्ट्री से घर पर वापस लौट रहे थे.
पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
जानकारी के मुताबिक इस मामले में पुलिस ने 8 नामजद और 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले को लेकर डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद फूलपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतक के घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस मामले में लगातार जांच कर रही है.
4 आरोपी हो चुके गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना से संबंधित मुख्य 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है और बाकी के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. यह मामला एक्सीडेंट होने के बाद शुरू हुआ था. महिला के टक्कर लगने के बाद भीड़ ने संवेदनशीलता की हदों को पार करते हुए मनीष को बुरी तरह पीटा.
यह भी पढ़ें- 40 साल बाद मिला बिछड़ा हुआ शख्स, पुरानी धुंधली फोटो से हुई पहचान; गुस्से में छोड़ा था घर
