पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है. इस दौरान बीजेपी राज्य में सरकार बनाती हुई नजर आ रही है. रुझानों को देखते हुए बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी और टीएमसी पर निशाना साधा है.

बंगाल में बीजेपी आगे
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2 चरणों में पूरा हो गया है. जिसके बाद राज्य में आज यानी 4 मई को चुनाव की मतगणना जारी है. राज्य में जिस तरह से काउंटिंग आगे बढ़ रही है उसी हिसाब से बीजेपी का आंकड़ा भी राज्य में आगे बढ़ता जा रहा है. आपको बता दें कि शुरुआती रुझानों में बीजेपी और टीएमसी के बीच में काफी कांटे की टक्कर दिखाई दे रही थी, लेकिन अब हालात कुछ बदलते दिखाई दे रहे हैं.
शुभेंदु अधिकारी ने साधा निशाना
पश्चिम बंगाल में अभी तक हुई मतगणना के मुताबिक भाजपा बंपर जीत की तरफ आगे बढ़ रही है. चुनावी मतगणना के बीच अब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने तीखा हमला बोला है. रुझानों में दिखाई दे रही जीत और टीएमसी की हार का संकेत मिलते ही शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ऊपर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बंगाल के सनातनी हिंदुओं ने उन्हें काफी कड़ा सबक सिखाया है.
मुख्यमंत्री की हार तय है- शुभेंदु
मतगणना के दौरान शुभेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार ममता बनर्जी के अभेद्य किले ‘भवानीपुर’ में भी सेंध लग चुकी है और मुख्यमंत्री की हार वहां से भी तय है. इस दौरान शुभेंदु अधिकारी काफी आत्मविश्वास में भरे हुए नजर आए. उन्होंने कहा कि ‘मैं भवानीपुर के हर उस हिंदू सनातनी को धन्यवाद देता हूं जिसने मेरे लिए वोट किया. उन्होंने कहा कि हिंदुओं पर हुए अत्याचार का बदला लोगों ने वोट से लिया है.
100 सीटें भी नहीं होंगी पार
शुभेंदु अधिकारी ने इस दौरान बड़ा दावा करते हुए कहा कि टीएमसी इस बार 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी. इस दौरान उन्होंने मालदा, मुर्शिदाबाद और मोथाबाड़ी जैसी जगहों की बात करते हुए कहा कि एंटी-इंकंबेंसी और हिंदुओं पर हुए अत्याचारों ने ममता बनर्जी की राजनीति को पूरी तरह से खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है.
यह भी पढ़ें- दिन में छाया अंधेरा, फिर बरसी राहत! लखनऊ में भीषण गर्मी से राहत; लोगों को हो रही दिक्कत
