कोटा में NEET की तैयारी कर रहे एक छात्र ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली. छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने घर वालों से माफी भी मांगी है.

कोटा में छात्र ने किया सुसाइड
राजस्थान में देश का कोचिंग हब कहा जाने वाला कोटा एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है. यहां एक बार फिर से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र की दबाव के कारण जान गई है. जानकारी के मुताबिक NEET की परीक्षा से एक दिन पहले एक छात्र ने हॉस्टल की छठी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया है. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.
2 सालों से कर रहा था तैयारी
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृत छात्र कुन्हाड़ी थाना के लैंडमार्क इलाके के मातेश्वरी हॉस्टल में पिछले एक साल से तैयारी करता था. मृत छात्र मूल रूप के उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला था और 2 सालों से कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था. मृतक की पहचान दीक्षित के रूप में की गई है. सीसीटीवी फुटेज में छात्र शनिवार सुबह करीब 5 बजे हॉस्टल के गलियारे में हेडफोन लगाए टहलता दिख रहा है.
छठी मंजिल से कूदा छात्र
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में छात्र अपनी पानी की बोतल भी भरता दिखाई दे रहा है. जिसके कुछ ही देर बाद वह छठी मंजिल पर पहुंचा और वहां से कूद गया. छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. छात्र के कमरे से बरामद हुए नोट में लिखा था कि ‘मैं परिवार की कसौटी पर खरा नहीं उतर पाया. ऐसी पढ़ाई नहीं कर पाया जिससे NEET में चयन हो सके. मम्मी-पापा सॉरी… दोस्तों सहयोग के लिए धन्यवाद.’
सबसे छोटा था मृत युवक
बताया जा रहा है कि मृतक और उसके पिता के बीच 1 मई को बात हुई थी. पिता ने बताया कि छात्र पढ़ाई में अच्छा था. मृत युवक अपने 3 भाइयों में सबसे छोटा था. इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि शुरुआती सूचना में छात्र के गिरने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज से आत्महत्या की पुष्टि हुई है.
यह भी पढ़ें- बंगाल में चरम पर पहुंची सत्ता की जंग! बीजेपी पहली बार बना रही सरकार; शुभेंदु अधिकारी ने साधा निशाना
