west bengal exit poll 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल में बीजेपी की संभावित जीत के दावों ने बांग्लादेश की संसद में चिंता पैदा कर दी है, जहां सांसद अख्तर हुसैन ने अवैध प्रवासियों की वापसी से शरणार्थी संकट की आशंका जताई है. बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में बाहरी समर्थन करार दिया है.

west bengal exit poll 2026: पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों को लेकर चर्चा अब सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पड़ोसी देश बांग्लादेश में भी होने लगी है. वहां की संसद में भी बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल को लेकर बहस हुई है. बांग्लादेश के सांसद अख्तर हुसैन ने इस मुद्दे पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो इसका असर बांग्लादेश पर भी पड़ सकता है. उन्होंने संसद में कहा कि एग्जिट पोल में बीजेपी की जीत की संभावना दिखाई जा रही है. अगर ऐसा होता है, तो बड़ी संख्या में बांग्लादेशियों को भारत से वापस भेजा जा सकता है. इससे बांग्लादेश के सामने शरणार्थियों का संकट खड़ा हो सकता है.
दरअसल भारत में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होने वाले हैं. जिन राज्यों के नतीजे आएंगे उनमें पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुदुचेरी शामिल हैं. इन राज्यों में चुनाव प्रक्रिया 29 अप्रैल को पूरी हो गई थी. इसके बाद अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल सामने आए. कई एग्जिट पोल में यह अनुमान लगाया गया कि पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है. इससे वहां की राजनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
एग्जिट पोल करने वाली एजेंसी टुडेज चाणक्य के अनुमान के मुताबिक पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 192 से ज्यादा सीटें मिल सकती हैं. वहीं मौजूदा सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को करीब 100 सीटों के आसपास मिलने का अनुमान जताया गया है. हालांकि यह सिर्फ एग्जिट पोल के आंकड़े हैं. असली नतीजे 4 मई को ही सामने आएंगे. इसके बावजूद इन संभावित नतीजों को लेकर भारत के साथ-साथ बांग्लादेश में भी चर्चा शुरू हो गई है.
बांग्लादेश के रंगपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद और नेशनल सिटिजन पार्टी के नेता अख्तर हुसैन ने अपनी संसद में इस विषय पर बोलते हुए चिंता जाहिर की. उन्होंने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्ता में आती है, तो वह अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों को वापस भेजने की कार्रवाई कर सकती है. उनके अनुसार ऐसा होने पर बड़ी संख्या में लोग बांग्लादेश लौटेंगे. इससे वहां शरणार्थियों का संकट पैदा हो सकता है. इसी वजह से उन्होंने इस मुद्दे को लेकर चिंता जताई.
इधर भारत में बीजेपी लंबे समय से बंगाल चुनाव में घुसपैठ के मुद्दे को उठाती रही है. पार्टी का कहना है कि अगर वह सत्ता में आई तो अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस बीच गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने भी बांग्लादेशी सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बयान को साझा करते हुए कहा कि इससे यह साफ हो रहा है कि कुछ लोग तृणमूल कांग्रेस के समर्थन में सामने आ रहे हैं. बता दें कि बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी हाल के वर्षों में बनी है और कई मौकों पर भारत विरोधी बयान देने के कारण चर्चा में रही है.
