शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस इस मामले में जांच कर रही है. घटना के समय चंद्रनाथ रथ कार में ड्राइवर की बगल वाली सीट पर बैठे हुए थे.

कार से जा रहे थे चंद्रनाथ रथ
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद राज्य में हड़कंप मच गया है. आपको बता दें कि चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे और एक कार काफी देर से उनका पीछा कर रही थी. पीछा कर रही कार ने चंद्रनाथ को ओवर टेक किया और उनकी कार की स्पीड धीमी हो गई.
सीने में दागीं ताबड़तोड़ गोलियां
चंद्रनाथ रथ की कार की स्पीड धीमी होने के बाद साइड से एक बाइक आई और चंद्रनाथ रथ के सीने में ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं. चंद्रनाथ गाड़ी में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर बैठे हुए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों की बाइक में नंबर प्लेट मौजूद नहीं थी, जिससे समझा जा रहा है कि यह पहले से प्लान किया गया था. इस घटना में चंद्रनाथ का ड्राइवर भी घायल हुआ है.
छोटे हथियार का किया गया इस्तेमाल
सूत्रों की मानें तो घटनास्थल से बरामद होने वाले गोलियों के खोखे यह संकेत देते हैं कि इस घटना में किसी छोटे हथियार का इस्तेमाल किया गया है. हालांकि सटीक हथियार की पहचान फॉरेंसिक जांच के बाद हो पाएगी. पश्चिम बंगाल के DGP सिद्धार्थ नाथ गुप्ता ने बताया कि इस मामले से जुड़ी एक गाड़ी को रोका गया है. उन्होंने बताया कि कार की नंबर प्लेट के साथ में छेड़छाड़ की गई थी.
पुलिस ने एक गाड़ी की जब्त
बंगाल के डीजीपी के मुताबिक पकड़ी गई गाड़ी को जब्त कर लिया गया है. उसके अंदर से चले हुए कारतूस और जिंदा गोलियां भी बरामद की गई हैं. पुलिस इस मामले में कई सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. इस मामले में पुलिस स्थानीय चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रही है. घटना के बाद से राज्य की सियासत में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस इस मामले को लेकर लगातार जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- शुभेंदु के खास थे चंद्रनाथ रथ! साल 2019 में शुरू किया था PA के तौर पर काम; बीच सड़क पर मारी गई गोली
