Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में बुधवार शाम एक 23 वर्षीय युवक ने 21वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.वह सोसायटी के रिसेप्शन पोस्ट के ऊपर गिरा. तेज आवाज सुनकर सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी. हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया.
21वीं मंजिल से लगाई छलांग
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान देवरिया के रामनगर निवासी वेदांत के रूप में हुई है. वेदांत ने सूरजपुर थाना क्षेत्र की पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी के एक स्टूडियो अपार्टमेंट में स्टे रूम लिया था. बुधवार शाम को वह 21वीं मंजिल पर पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी.
क्यों उठाया ये कदम?
पुलिस के मुताबिक, मृतक की बहन ने बताया कि वेदांत बुधवार सुबह नोएडा के सेक्टर 16 स्थित एक निजी आईटी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए घर से निकला था. दोपहर में जब उससे बात हुई तो उसने इंटरव्यू में रिजेक्ट होने की जानकारी दी थी और शाम तक घर लौटने की बात कही थी.
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में उस कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जहां वेदांत रुका था. पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है और उसके मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने आखिरी बार किससे बात की थी.
ये भी पढ़ें: अयोध्या राम मंदिर चोरी कांड: शातिर चोरों का बड़ा खुलासा, रिश्तेदारों के खातों के जरिए ‘व्हाइट’ करते थे चढ़ावे की रकम!
