पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव आया है. आम आदमी पार्टी के कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं. अब इसे लेकर पंजाब में विरोध देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नेताओं पर निशाना साधा है.

हरभजन सिंह के घर के बाहर लिखा गद्दार
पंजाब की राजनीति में हंगामा मच गया है. आम आदमी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों के खिलाफ गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है. इसी बीच पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के घर के बाहर काले रंग से गद्दार लिखा गया. इसी के साथ AAP के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन भी किया है.
बीजेपी दलबदल की राजनीति करती है- मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर हमला बोलते हुए उन्हें गद्दार बोला है. चंडीगढ़ में प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पंजाब की जनता के साथ विश्वासघात किया है. मुख्यमंत्री मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी पंजाब में राजनीतिक जमीन न होने के कारण दलबदल की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा कि बीजेपी आम आदमी पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है.
पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भगवंत मान का हमला
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बीजेपी को बंदे खानी पार्टी बताते हुए कहा कि जिस भी पार्टी से वह गठबंधन करता है वह उसी को निगल जाती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी भरोसेमंद नहीं है और वह दूसरों की पार्टियों को तोड़ने की कोशिश में लगी रहती है. भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बिना जनता के बीच जाए, बिना वोट मांगे उन्हें बड़ा पद मिल गया और फिर उन्होंने अपने निजी स्वार्थ के लिए रास्ता बदल लिया.
6-7 लोगों के चले जाने से पंजाब नहीं बदलेगा
भगवंत मान ने कहा कि विज्ञान के काफी तरक्की कर ली है, लेकिन अभी तक ऐसी मशीन नहीं बनी है जो नेताओं के मन की बात पढ़ सके. उन्होंने राघव चड्ढा पर भी निशाना साधा है. इस दौरान उन्होंने कहा कि जो नेता आज पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं वे लंबे समय तक सत्ता का फायदा उठाते रहे. भगवंत मान ने कहा कि आदमी पार्टी किसी भी व्यक्ति विशेष से बड़ी है और 6-7 लोगों के जाने से पंजाब नहीं बदलता है. पंजाब के लोग आज भी पार्टी के साथ खड़े हैं और गद्दारी करने वालों को इतिहास कभी भी माफ नहीं करेगा.
यह भी पढ़ें- गुरु के भेष में गुनहगार! स्कूल प्रिंसिपल ने की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़; पुलिस ने किया गिरफ्तार
