UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. यूपी के अधिकांश जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी है. ऐसे में लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से बड़ी राहत मिली है. नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई राज्यों में मौसम का रुख बदला है. आज की बात करें तो आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 मई को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के चलने के साथ-साथ बारिश भी हो सकती है. इसके लिए कहीं येलो अलर्ट तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत मिली है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई दे रहा है. पश्चिमी यूपी के कई जिलों बागपत, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर कानपुर तक धूल भरी आंधी के साथ बादल बरसे. गुरुवार शाम को कई जगह पर बारिश-आंधी आई. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान बुंदेलखंड के हिस्सों पर पानी गिरने, ओले गिरने की संभावना जताई है. मौसम विभाग ने यूपी के 40 से ज्यादा जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप और प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. आंधी-बारिश का ये दौर मई के पहले हफ्ते तक जारी रहेगा.
गुरुवार को कैसा था यूपी का मौसम
गुरुवार की शाम को यूपी के कई जिलों में तेज आंधी चली और फिर मूसलाधार बारिश हुई. इसके बाद मौसम में ठंडक महसूस होने लगी. आईएमडी के मुताबिक 4 से 6 मई तक छिटपुट से लेकर मध्यम स्तर की हल्की से मध्यम बारिश, गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटा की गति तक) की संभावना है.
जान लीजिए तापमान का हाल
1 मई को सबसे ज्यादा तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 43°C दर्ज होने का अनुमान है, जो हीटवेव जैसी स्थिति बना सकता है. आगरा में 37°C, लखनऊ में 36°C तापमान रहेगा. यूपी के बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी सबसे ज्यादा खतरनाक स्तर पर पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें: अखाड़े में बदला शादी का मंच! दूल्हे को छोड़ दुल्हन ने प्रेमी को पहनाई वरमाला; वापस लौटी बारात
