Prateek Yadav Death Reason: प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उनकी मौत फेफड़ों की नस में खून का थक्का जमने (पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म) के कारण हुई. रिपोर्ट में शरीर पर पुराने चोट के निशान और अंगों के फेल होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद विसरा को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

Prateek Yadav Death Reason: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के निधन के बाद अब उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की शुरुआती जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट में मौत की वजह बेहद गंभीर बताई गई है. डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक यादव की मौत ‘पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म’ की वजह से हुई. आसान भाषा में समझें तो उनके फेफड़ों की नस में खून का बड़ा थक्का जम गया था. इसके कारण अचानक दिल और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया और शरीर का पूरा सिस्टम फेल हो गया. डॉक्टरों ने आगे की जांच के लिए विसरा और दिल से जुड़े कुछ सैंपल सुरक्षित रखे हैं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ और अहम बातें भी सामने आई हैं. डॉक्टरों के मुताबिक शरीर पर कुछ पुराने चोट के निशान मिले हैं. साथ ही यह भी पता चला कि उनके बाएं पैर के अंगूठे का नाखून नीला पड़ा हुआ था. डॉक्टरों का कहना है कि यह बीमारी से जुड़ा संकेत हो सकता है. रिपोर्ट में हार्ट अटैक और हार्ट फेल होने जैसी स्थिति की भी पुष्टि हुई है. अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. इससे साफ हो पाएगा कि मौत के पीछे कोई और कारण तो नहीं था. फिलहाल मेडिकल टीम हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक Prateek Yadav लंबे समय से कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे. डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें डीप वेन थ्रोम्बोसिस यानी डीवीटी की समस्या थी. इसके अलावा पल्मोनरी एम्बोलिज्म और हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी भी थी. हाल के दिनों में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और सीने में दर्द की शिकायत हुई थी. करीब तीन हफ्ते पहले उनका इलाज भी कराया गया था. बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.
इस घटना के बाद परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है. समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav ने दुख जताते हुए कहा कि प्रतीक बेहद सरल और मेहनती इंसान थे. उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले दोनों की मुलाकात हुई थी, जिसमें उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह भी दी थी. वहीं सिविल अस्पताल के निदेशक ने बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे अस्पताल को सूचना मिली थी. मेडिकल टीम जब घर पहुंची तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी.
प्रतीक यादव के निधन के बाद कई राजनीतिक दलों ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए. Yogi Adityanath समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया. परिवार ने बाद में पोस्टमार्टम कराने की सहमति दी. गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस बीच उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में रही. कुछ महीने पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर पारिवारिक मतभेदों का जिक्र किया था, हालांकि बाद में रिश्तों में सुधार की बात भी कही गई थी.
