गुजरात के सूरत में एक 17 साल का किशोर नदी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था. मृतक घर से अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था.

घूमने गया किशोर, वापस लौटी लाश
गुजरात के सूरत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. सूरत के रांदेर इलाके में दोस्तों के साथ घूमने निकले एक 17 साल के किशोर की मौत हो गई. किशोर अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था, इसी दौरान उसकी तापी नदी में डूबने के कारण मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिजनों का इकलौता बेटा था.
दोस्तों को देखकर शुरू किया नहाना
जानकारी के मुताबिक 17 साल का किशोर अपने 4 दोस्तों के साथ में घर से घूमने के लिए निकला था. जिसके बाद सभी दोस्त बाइक को धुलने और नहाने के लिए तापी नदी पर बने कॉजवे यानी बाइक धोने या नहाने वाली जगह पर पहुंचे. इसी दौरान गर्मी से राहत पाने के लिए सभी दोस्तों ने नदी में नहाना शुरू कर दिया. जिसको देखकर किशोर भी उनके साथ नहाने लगा.
पानी की धार में हुआ लापता
नहाते समय अचानक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. जिसके बाद देखते ही देखते किशोर पानी की तेज धार में लापता हो गया. जिसके बाद दोस्तों से शोर मचाकर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की धार काफी तेज थी और गहराई भी काफी थी, जिसके कारण वे कुछ कर नहीं पाए. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई.
रेस्क्यू करके नदी से निकाला शव
टीम ने मौके पर पहुंचने के बाद गोताखोरों की मदद से काफी देर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला. जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि तापी नदी पर बने कॉजवे में नहाने पर प्रतिबंध है, लेकिन फिर भी लोग इसमें नहाते हैं, जिसके कारण यह हादसा हुआ है.
यह भी पढ़ें- देहरादून में सेक्स रैकेट का पर्दाफाश! किराए के घर में चल रहा था धंधा; 2 आरोपी गिरफ्तार
