उत्तर प्रदेश के बरेली में मैरिज प्रपोजल ठुकराए जाने के बाद एक व्यक्ति ने महिला और उसके परिवार के ऊपर हमला कर दिया. इस घटना में महिला और उसके पति के साथ 2 छोटे बच्चे भी झुलस गए हैं.

प्रपोजल ठुकराने पर एसिड अटैक
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां मैरिज प्रपोजल ठुकराने के बाद व्यक्ति बौखला गया और उसने महिला और परिवार के ऊपर सोते समय तेजाब फेंक दिया. जानकारी के मुताबिक इस हमले में महिला और उसके 2 बच्चे घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला बरेली के शेरगढ़ इलाके का है. यहां एक व्यक्ति ने महिला के ऊपर तेजाब से हमला कर दिया.
बरामदे में सो रहा था परिवार
शेरगढ़ इलाके में रहने वाली महिला के साथ यह पूरी घटना हुई है. बताया जा रहा है कि गर्मी का मौसम होने के कारण परिवार घर से अंदर सोने के बजाय बरामदे में सो रहा था. महिला अपने पति और बच्चों के साथ में गर्मी भरी रात में सो रही थी. इसी दौरान रात में यह घटना घट गई. बताया जा रहा है कि रात के समय में फायदा उठाकर आरोपी छत के रास्ते से घर के अंदर घुस गया.
एक घायल जिला अस्पताल रेफर
बताया जा रहा है कि आरोपी छत के रास्ते से घर में घुसा और उसने मच्छरदानी के ऊपर से एसिड से हमला कर दिया. एसिड अटैक होते ही बच्चे चीखने लगे. इस हमले में महिला के साथ उसका पति और 2 बच्चे झुलस गए. सभी घायलों को तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया. इस दौरान शुरुआती इलाज स्थानीय सामुदायिक केंद्र में होने के बाद एक गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
शादीशुदा है आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान उमेश कश्यप के रूप में की गई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला से शादी करना चाहता था. आरोपी ने महिला को प्रपोज किया, लेकिन उसने मना कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है, लेकिन फिर भी महिला के ऊपर शादी का दबाव बना रहा था. पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही FIR दर्ज कर ली है. फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपी की तलाश कर रही हैं.
