राजस्थान की राजधानी जयपुर में 9 जून के दिन बड़ा हादसा हो गया है. बता दें कि यहां पर मंगलवार के दिन अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की वजह से 5 लोगों की आग में झुलस कर मौत हो गई है. वहीं, 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए है. डॉक्टरों ने 3 लोगों की हालत भी बेहद नाजुक बताई है.
जानकारी के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री जयपुर शहर से 22KM दूर खा नागोरियन इलाके में चल रही थी. यह फैक्ट्री रिहायशी इलाके में चलाई जा रही थी. महज 10 गज के मकान में इस फैक्ट्री को चलाया जा रहा था. अचानक ही 11 बजे के करीब में फैक्ट्री में आग लग गई, जिसके बाद काफी तेज धमाका हुआ. धमाका इतना तेज था कि उसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई दी. हालांकि, 4 लोग किसी तरह संकरे रास्ते से बाहर निकलकर गली में आ गए. अन्य लोग वहीं फंस गए. उनमें से 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 3 लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
शहर से काफी दूर होने के कारण फायर बिग्रेड की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई. उन्हें करीब 40 मिनट का समय घटनास्थल पर पहुंचने में लग गया. मामले की जानकारी मिलते ही एडीएम युगांतर शर्मा और कलेक्टर डॉ. संदेश नायक मौके पर पहुंचे. कांग्रेस के विधायक अमीन कागजी भी घटनास्थल पर अधिकारियों की क्लास लेते हुए दिखाई दिए.
उन्होंने इन मौतों के पीछे अधिकारियों की लापरवाही कही है. रिहायशी बस्ती में पटाखा फैक्ट्री चल रही है, लेकिन किसी को भी इसकी खबर नहीं है. उन्होंने पटाखा फैक्ट्री चलाने वाले के साथ-साथ अधिकारियों पर भी लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की बात की गई है. पटाखा फैक्ट्री को फिलहाल के लिए सील कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: 10वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, झारखंड में कक्षपाल भर्ती 2026 शुरू, 1733 पदों पर भर्ती
