उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए सचिवालय में समीक्षा बैठक करके जिलाधियारियों को निर्देश दिए हैं. उन्होंने अलर्ट मोड पर रहने और तैयारियों को पूरा करने के लिए निर्देश दिए हैं.

सीएम धामी ने की समीक्षा बैठक
उत्तराखंड में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने तैयारियों को तेज कर दिया है. मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में एक समीक्षा बैठक की है. इस दौरान उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और मानसून से जुड़ी हुई तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं.
तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश
इस दौरान सीएम धामी ने अधिकारियों को कहा है कि संभावित आपदाओं से निपटने के लिए तैयारियों को पहले से ही सुनिश्चित कर लिया जाए, जिससे किसी भी स्थिति में जनहानि और किसी तरह के होने वाले नुकसान को कम किया जा सके. मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में भूस्खलन, बाढ़ और भू-कटाव की आशंका वाली जगहों को चिह्नित किया जाए.
सड़कों पर निगरानी के आदेश
बैठक के दौरान सीएम धामी ने कहा कि संवेदनशील गांवों और स्कूल, अस्पतालों के साथ जरूरी परिसंपत्तियों की लिस्ट को तैयार कर लिया जाए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा मार्गों, नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे के ऊपर निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, जिससे बारिश में किसी भी तरह की स्थिति से निपटा जा सके. राज्य में मानसून के दौरान दूर क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसको लेकर मुख्यमंत्री ने गर्भवती महिलाओं को पहले ही चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं.
संभावित क्षेत्रों में तैनात होंगी मशीनें
सीएम धामी ने कहा है कि उन सभी महिलाओं को चिह्नित करके नियमित जांच कराई जाए और जरूरत पर उनके लिए सुरक्षित व्यवस्थाएं की जाएं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा संभावित क्षेत्रों में JCB, पोकलैंड, डंपर और जरूरी मशीनों की तैनाती को लेकर भी निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री का कहना है कि अगर किसी भी कारण से सड़क बाधित होती है, तो उसे जल्दी से जल्दी खोला जाए और इसको लेकर पहले से ही तैयारियां रखें.
SDRF जैसी एजेंसियों को मॉल ड्रिल के निर्देश
मुख्यमंत्री ने SDRF, NDRF, पुलिस, फायर सर्विस और दूसरी संबंधित एजेंसियों को भी नियमित मॉक ड्रिल करने और तहसील स्तर पर राहत-बचाव सामग्री के पर्याप्त भंडारण को लेकर निर्देश दिए हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रदेश और जनता की सुरक्षा को लेकर काम कर रहे हैं. अब उन्होंने मानसून को लेकर तैयारियों को पूरा करने के लिए निर्देश दिए हैं.
यह भी पढ़ें- रिटायर्ड जज को जान से मारने की धमकी! 10 महीनों से जारी सिलसिला; लंदन में बेटी पर हुआ हमला
