राजधानी दिल्ली में अगले 2 दिनों तक बादल, आंधी और हल्की बारिश की उम्मीद है, लेकिन उसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है. गुरुवार रात कई इलाकों में बारिश से भीषण गर्मी से राहत मिली है.

तापमान में हो सकती बढ़ोतरी
राजधानी दिल्ली और NCR में लोगों को इस समय भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है. हालांकि अब यह राहत दूर होने की संभावना दिखाई दे रही है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में दिल्ली के तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है. आने वाले दिनों में लोगों को फिर से भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. आपको बता दें कि मौसम को लेकर मौसम विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत ने जानकारी दी है.
मानसून बढ़ रहा आगे
मौसम विशेषज्ञ डॉ. शशिकांत ने बताया कि मानसून लगातार बढ़ रहा है, लेकिन दिल्ली में मानसून को लेकर अभी तक आधिकारिक पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में भारत के कई हिस्सों में मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. जिससे कई जगहों पर तेज हवाएं, ओलावृष्टि और हल्की बारिश भी हुई है. देश के कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई जा रही है.
अगले 2 दिनों तक हल्की बारिश
आपको बता दें कि दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में पिछले दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिला है. यहां तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. जानकारी के मुताबिक अगले 2 दिनों तक बादल, आंधी और हल्की बारिश हो सकती है. जिसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है, जिसका प्रभाव उत्तर भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है.
फिर से बढ़ सकता तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी का तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है और आने वाले 24 घंटों में यह तापमान 33 से 35 डिग्री तक गिर सकता है. हालांकि मौसम साफ होने के बाद फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ऐसा अनुमान है कि दिल्ली में दोबारा से 39 से 41 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है. फिलहाल अगले 24 घंटों में दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के कारण मौसम में गिरावट की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- ‘सीट चोरी की गई…’, सुप्रीम कोर्ट से झटके के बाद मीनाक्षी नटराजन; बोलीं- लड़ाई जारी रहेगी
