पटना के 10 सर्कुलर रोड पर मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास की शिफ्टिंग शुरू हो गई है. उनके सामान को गाड़ियों से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आवास पर ले जाया जा रहा है.

राबड़ी देवी के आवास की शिफ्टिंग शुरू
बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास की शिफ्टिंग शुरू हो गई है. पटना में 10 सर्कुलर रोड पर मौजूद आवास से सामान निकालना शुरू हो गया है. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन से सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड पर मौजूद सरकारी आवास में भेजा गया है. आपको बता दें कि 10 सर्कुलर रोड का बंगला पिछले 21 सालों से रबड़ी देवी और लालू यादव के पास था.
नए मंत्री को आंवटित किया गया बंगला
आपको बता दें कि अब बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने इस बंगले को राज्य के नए मंत्री नंदकिशोर राम को दिया है. वहीं राबड़ी देवी के विधान परिषद में नेता होने के तहत 39 हार्डिंग रोड पर दूसरा बंगला आवंटित किया गया है. अब आज यानी मंगलवार को सरकारी आवास से सामान को निकालकर तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर ले जाया जा रहा है.
राबड़ी देवी ने लिखा था पत्र
10 सर्कुलर रोड पर मौजूद यह बंगला लंबे समय से राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहा है. इस बंगले को बिहार की राजनीति का केंद्र माना जाता रहा है. आपको बता दें कि 16 जून को राबड़ी देवी ने बिहार सरकार को पत्र लिखा था और उसमें बंगले को खाली करने के लिए एक महीने के समय की मांग की थी. पत्र में राबड़ी देवी ने लालू यादव के खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया था.
लालू यादव के स्वास्थ्य का हवाला
पत्र में राबड़ी देवी ने बताया था कि लालू यादव के स्वास्थ्य को देखते हुए बंगले में कई सुविधाओं को विकसित किया गया था और ऐसे में अगर बंगला खाली करना पड़ता है तो नए आवास में सुविधाओं को तैयार करने में समय लगेगा. हालांकि इसके बावजूद भी अब बंगले से शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है. सामान को गाड़ियों के माध्यम से तेजस्वी यादव के घर पहुंचाया गया है.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर पर विवाद! पुलिस ने सामने रखा अपना पक्ष; आधिकारिक बयान किया जारी
