अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से आतंकियों के मददगार को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता मानी जा रही है. गिरफ्तार आरोपी से सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं.

आतंकियों का मददगार गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बल आतंकियों का सफाया करने के लिए लगातार ऑपरेशन चला रहे हैं. आतंकियों की मदद करने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई लगातार जारी है. अब इसी सिलसिले में जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है. इस दौरान रात भर विशेष अभियान चलाकर पाकिस्तानी आतंकियों के एक मददगार को गिरफ्तार किया गया है.
अमरनाथ यात्रा से पहले बड़ी सफलता
आपको बता दें कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले आतंकियों के मददगार की गिरफ्तारी होना एक बड़ी सफलता मानी जा रही है. गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान हाजी लतीफ के रूप में की गई है. जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी लगभग 2 दशकों से सीमा पार से आने वाले आतंकियों की मदद कर रहा था. आरोप है व्यक्ति ने अभी तक लगभग 12 आतंकियों को भारत में घुसने और सुरक्षाबलों पर हमला करने में मदद दी है.
आतंकी संगठन के संपर्क में आरोपी
मामले की जांच में सामने आया है कि जैश-ए-मोहम्मद के कई बड़े कमांडर सियालकोट के रास्ते भारत में घुसने के बाद हाजी लतीफ के संपर्क में आते थे. वहीं इसके साथ लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को भी आरोपी लंबे समय से मदद दे रहा था. बताया जा रहा है कि हाजी लतीफ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के बड़े अधिकारियों के साथ भी कई सालों से संपर्क था.
गिरफ्तार आरोपी से हो रही पूछताछ
गिरफ्तार आरोपी हाजी लतीफ के ऊपर आतंकियों की घुसपैठ आसान बनाने और उनके नेटवर्क को सक्रिय रखने का आरोप है. फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही हैं. इस दौरान आरोपी से आतंकियों से जुड़े नेटवर्क और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि इस दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. उम्मीद है कि आतंकियों के मददगार के गिरफ्तार होने के बाद उनके स्थानीय समर्थन तंत्र को बड़ा झटका लगेगा और अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी. आपको बता दें कि इस कार्रवाई से पहले भी आतंकियों की मदद करने वाले कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनके घरों को भी ध्वस्त किया गया है.
यह भी पढ़ें- भरत तिवारी एनकाउंटर केस: CBI मांग की याचिका पर SC ने सुनवाई से किया इनकार; हाईकोर्ट जाने की मिली छूट
