संभल में मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक द्वारा बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की घोषणा के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है. शांति भंग होने के अंदेशे को देखते हुए एसडीएम (SDM) कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. एसडीएम (SDM) कोर्ट ने मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक के बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की योजना पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी के खिलाफ यह कार्रवाई की है.
SDM कोर्ट ने तलब किया
एसडीएम कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश जारी किया है. नोटिस में तमन्ना मलिक के बुर्का पहनकर कांवड़ लाने पर शांति भंग होने की आशंका जताई गई है. नोटिस के जरिए उनसे यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि वे बुर्का पहनकर कांवड़ क्यों लाना चाहती हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को 6 महीने के लिए 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके (Bond) से पाबंद (Bound Down) कर दिया है.
आज भी कांवड़ लेने जाने की थी तैयारी
जानकारी के अनुसार, तमन्ना मलिक आज (मंगलवार) हरिद्वार से कांवड़ लेने के लिए निकलने वाली थीं. हालांकि, इस अनूठी कांवड़ यात्रा को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं थीं और स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने का अंदेशा जताया जा रहा था, जिसके बाद एसडीएम कोर्ट ने यह प्रशासनिक और विधिक नोटिस जारी किया है.
फरवरी में हरिद्वार गई थीं कांवड़ लेने…
बीते 10 फरवरी को तमन्ना हरिद्वार पहुंचीं और हर की पैड़ी से पवित्र गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकल पड़ीं थीं. पांच दिन की पैदल यात्रा पूरी करने के बाद महाशिवरात्रि पर, उन्होंने संभल के नैमिषारण्य प्राचीन क्षेमनाथ तीर्थ मंदिर के शिवलिंग पर जल अर्पित किया. तमन्ना का कहना है कि हिंदू मान्यता के मुताबिक, कांवड़ का जोड़ा पूरा करना होता है, इसलिए वह अगले साल यानी इस बार भी हरिद्वार से गंगाजल भरके लाएंगी. लेकिन अब SDM कोर्ट ने तमन्ना मलिक और उनके पति को SDM कोर्ट में पेश होकर बुर्का पहनकर कांवड़ लाने की वजह बताने का आदेश जारी किया है.
ये भी पढ़ें: यूपी के सभी 75 जिलों में सक्रिय हुआ मानसून, पूरब से पश्चिम तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
