हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक स्कूल टीचर की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. स्कूल प्रशासन ने टीचर को बचाने की कोशिश भी की. हालांकि, उनके सारे प्रयास विफल हो गए. हत्यारा टीचर को मारने में सफल हो गया. साथ ही बचाने वाले पर भी चाकू से हमला करने के लिए आगे आते दिखाई दिया. पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो चुका है.
यह पूरा मामला फरीदाबाद के सिकरोना गांव का है. जानकारी के मुताबिक, 3 अगस्त दिन सोमवार को संध्या नाम की महिला अपने रोजाना के दिन की तरह सरस्वती सीनियर सेकेंडरी में पढ़ाने के लिए गई. हालांकि, वह दिन हर दिन की तरह मामूली नहीं था. जब वह स्कूल में थी, तभी अचानक से एक व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधकर आया और टीचर से मिलने की जिद करने लगा.
जैसे ही टीचर उससे गेट पर मिलने के लिए पहुंची उसकी गर्दन पर युवक ने चाकू रख दिया और फिर उस पर हमला कर दिया. आरोपी ने उसकी गर्दन पर काफी गंभीर वार किए. महिला की चीख पुकार सुन स्कूल संचालक उसे बचाने के लिए पहुंचा. आरोपी लेकिन टीचर को बचाने के लिए आने वाले लोगों को भी मारने के लिए दौड़ पड़ा, जिसकी वजह से सभी लोग पीछे हट गए और आरोपी की चाकू मारते देखते रह गए.
महिला की हत्या करने के बाद में आरोपी वहां से फरार हो गया. सीसीटीवी में साफ दिखाई दिया कि कैसे युवक ने महिला की हत्या की है. पुलिस को मामले की जानकारी दी गई है, जिसके बाद दो घंटे के अंदर आरोपी को पकड़ लिया गया. अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है. हालांकि, इस मुद्दे ने बच्चों और टीचर की सुरक्षा को लेकर काफी गंभीर सवाल खड़े कर दिए है.
ये भी पढ़ें: मेरठ प्रशासन का बड़ा फैसला! सावन में यूपी के स्कूल-कॉलेज 12 अगस्त तक बंद
