ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित ईकोटेक 3 थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक भरभराकर गिर गया. इस हादसे में 5 दमकल कर्मी मलबे की चपेट में आ गए, जिनमें से 2 कर्मचारियों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य का अस्पताल में इलाज जारी है.
दीवार और बीम गिरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार और मंगलवार रात ईकोटेक 3 स्थित ILGIM कंपनी में हुआ. कंपनी में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. लेकिन इसी दौरान कंपनी की एक साइड की दीवार और भारी बीम अचानक ढह गया. वहां मौजूद फायर सर्विस के 5 कर्मचारी इसकी सीधी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
तीन की हालत स्थिर, दो की मौत
हादसे के तुरंत बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायल कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का उपचार जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
SDRF और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची. फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है तथा मामले की वैधानिक व कानूनी जांच जारी है.
