पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कनाडा से लौटे एक युवक को 2 जिंदा ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि वो आतंकी संगठनों के संपर्क में था.
पंजाब के फरीदकोट में फाजिल्का पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विभाग ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है. विभाग ने साजिश को नाकाम करते हुए कनाडा से लौटे 28 साल युवक नवजोत सिंह को 2 जिंदा ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया है. आपको बता दें कि यह कार्रवाई बाबा फरीद के आगमन पर्व से ठीक पहले की गई, जिससे पंजाब को दहलाने की एक गंभीर साजिश टल गई. पुलिस के मुताबिक नवजोत सिंह हाल ही में 12 सितंबर को कनाडा से वापस भारत आया था, जहां उसके पास वहां की PR पात्रता भी है.
नशे का आदी है आरोपी
मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और पैसों की जरूरत को पूरा करने के लिए वो पाकिस्तानी आतंकी संगठनों और भारत विरोधी तत्वों के संपर्क में आया था. उसने पाकिस्तान से मंगवाई गई विस्फोटक सामग्री को पंजाब में दहशत फैलाने के उद्देश्य से इकठ्ठा किया था.
मामले में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर नाकाबंदी कर आरोपी को काबू किया. जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ एक्सप्लोसिव सबस्टेंस एक्ट और UAPA के तहत मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड पर ले लिया गया है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सुरागों का पता लगाया जा सके. पंजाब पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी बाबा फरीद मेले की भीड़ पर हमला करने की प्लानिंग कर रहा था.
सूफ़ी संत की याद में मनाया जाता उत्सव
आपको बता दें कि यह उत्सव 12वीं-13वीं सदी के महान सूफी संत बाबा शेख फरीद जी की याद में और उनके फरीदकोट आगमन के उपलक्ष्य में हर साल मनाया जाता है. ये मेला हर साल सितंबर के महीने में 19 सितंबर से 23 सितंबर तक मुख्य रूप से 5 दिनों के लिए आयोजित किया जाता है. पंजाब पुलिस अब ये पता लगा रही है कि आरोपी के पास ये हैंड ग्रेनेड कहां से पहुंचे थे. साथ ही उन स्लीपर सेल का भी पता लगाने की कोशिश हो रही है जो कि पंजाब में एक्टिव है और पाकिस्तान में बैठे लोगों के इशारे पर काम कर रहे हैं.
