जबलपुर में गणेश पंडाल में महाआरती में शामिल एक छात्र की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पास के खाने में करंट आ रहा था, छात्र ने खंभा छुआ और ज़मीन पर गिर गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में गणेश उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जानकारी के मुताबिक़ धनवंतरी नगर के जसूजा सिटी फेस-3 स्थित गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया जा रहा था. इसी दौरान पंडाल के पास एक खंभे में आ रहे करंट की चपेट में आने से 16 साल के एक छात्र की मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
करंट लगने से ज़मीन पर गिरा छात्र
आपको बता दे कि जसूजा सिटी फेस-3 में जसूजा टावर के पीछे गणेश पंडाल में महाआरती का आयोजन किया गया था. इसी दौरान फ़ेस 3 में रहने वाला कक्षा 11वीं का छात्र शौर्य चनपुरिया अपने दोस्तों के साथ आरती में शामिल होने के लिए आया था. आरती होने के बाद रात करीब 9:30 बजे के बीच वह वहां से घर जाने के लिए निकला. इसी दौरान वह मंच के खंभे के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट आ रहा था, करंट लगते ही शौर्य जमीन पर गिर पड़ा.
चश्मदीद ने दी घटना की जानकारी
घटना के चश्मदीद ने बताया कि शौर्य कोचिंग से आने के बाद उनके साथ बैठा था. इसी दौरान दोस्त की मां का जन्मदिन होने के कारण वहां भंडारे और अन्य आयोजन की तैयारी चल रही थी. अज्जू ने बताया कि जब वह टेबल उठा रहा था, तभी उसे करंट महसूस हुआ. इसके बाद वह अपने दोस्त को बताने के लिए गया. इसी बीच सौरभ पंडाल के पास पड़ा दिखाई दिया. अज्जू के मुताबिक, पहले उन्हें लगा कि शौर्य मजाक कर रहा है, लेकिन जब उसे उठाने की कोशिश की गई तो उन्हें भी करंट महसूस हुआ. इसके बाद तुरंत उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई.
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होंगी परिस्थितियां
मामले की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक खंभे में करंट आ रहा था और शौर्य ने घर जाते समय उस खंभे को छू लिया. लोगों ने पुलिस को बताया है कि खंभे में पहले से करंट आने की जानकारी थी और टेंट लगाने वाले व्यक्ति को भी इसकी सूचना दी गई थी. हालांकि उनके द्वारा किस तरह की लापरवाही बरती गई है इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवा दिया है. पोस्टमार्टम के बाद मौत की परिस्थितियां और स्पष्ट होंगी.
