कटिहार में एक बेटी ने इंटर कास्ट प्रेम विवाह कर लिया. इस बात से परिवार बेहद नाराज हो गया. इसके चलते परिवार ने नाराज़ होकर युवती का जीते-जी श्राद्ध कर्म कर दिया. परिवार ने अपनी ही बेटी से रिश्ते खत्म कर लिए.
बिहार के कटिहार से एल हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. यहां एक बेटी ने अपने प्यार को चुना, लेकिन उसका यह फैसला परिवार को मंजूर नहीं हुआ. जानकारी के मुताबिक दूसरी जाति के युवक से लव मैरिज करने पर पिता और भाई इतने नाराज हो गए कि उन्होंने जीते-जी बेटी का श्राद्ध कर्म कर दिया. जिस बेटी के साथ परिवार ने जिंदगी के अनगिनत पल बिताए उसी से सारे रिश्ते खत्म करने का फैसला कर लिया. यह पूरा मामला कदवा थाना क्षेत्र के निझरा गांव का बताया जा रहा है.
घरवालों ने तोड़ा रिश्ता
जानकारी केमुताबिक, श्याम ठाकुर की बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ पहलागढ़ गांव के रहने वाले अजय पासवान से शादी कर ली. दोनों की इंटर कास्ट मैरिज से लड़की के घरवाले नाराज हो गए. बेटी ने अपने प्यार के साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया. लेकिन परिवार ने उसके इस फैसले को स्वीकार करने के बजाय उससे नाता तोड़ने का रास्ता चुना.
बेटी का कर दिया श्राद्ध कर्म
बताया जा रहा है कि पिता और भाई ने बेटी के ज़िंदा रहते ही उसका श्राद्ध कर्म कर दिया. साथ ही भविष्य में उससे कोई रिश्ता नहीं रखने की बात भी कही. यह घटना एक परिवार के टूटते रिश्तों की कहानी बयां कर रही है. एक तरफ बेटी ने अपनी पसंद का जीवनसाथी चुना तो दूसरी तरफ परिवार ने उसे अपने जीवन से ही बेदखल कर दिया. जिस घर में कभी बेटी की हंसी गूंजती थी, वहां अब रिश्ते खत्म हो गए हैं.
इलाके में हो रही चर्चाएं
आपको बता दें कि लव मैरिज के बाद परिवार के फैसले को लेकर इलाके में चर्चाएं हो रही हैं. सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या अपनी पसंद से शादी करने का फैसला इतना बड़ा हो सकता है कि माता-पिता अपनी ही बेटी को मरा हुआ मान लें. फिलहाल, मामले में संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.
