तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम में 2 दोस्तों ने अपने ही दोस्त की हत्या की साजिश रच डाली. दोस्त उसे मारकर उसके बीमा की रकम को हड़पना चाहते थे. इसी के कारण उन्होंने युवक की हत्या की साजिश रची.
युवकों ने रची दोस्त की हत्या की साजिश
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां बर्गमपाड पुलिस ने 2 युवकों को उनके दोस्त की हत्या करने की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है. दोनों के ऊपर आरोप है कि उन्होंने लगभग 2 करोड़ रुपए के बीमा की रकम को हड़पने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें से एक युवक प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है.
शुरुआत में लगी सड़क दुर्घटना
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 फरवरी की रात में मोथे गांव के पास में सड़क के किनारे एक युवक घायल हालत में मिला था. पुलिस ने शुरूआत में इसे सड़क दुर्घटना माना. घायल को तुरंत ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराय गया, जिसके बाद हालत खराब होने पर उसे खम्मम के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. घायल की पहचान कट्टा यशवंत के रूप में की गई है. घायल का इलाज लगातार जारी है.
पुलिस ने जांच के दौरान दोस्तों को किया गिरफ्तार
इस मामले में यशवंत की मौसी ने पुलिस से शिकायत की, कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि एक सुनियोजित हमला है. जिसके बाद में पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की. पुलिस जांच के दौरान कट्टा साई दीपक और उसके दोस्त कोंडा भानु प्रकाश के ऊपर शक हुआ. जिसके बाद में पुलिस ने मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने जानकारी दी कि भानु प्रकाश प्राइवेट बैंक में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर नौकरी करता है.
बीमा पॉलिसी में दोस्त था नामिनी
पुलिस जांच में सामने आया कि नवंबर 2025 में आरोपियों ने यशवंत के नाम पर एक बीमा पॉलिसी ली थी, जिसमें साई दीपक को नामिनी बनाया गया था. दीपक ने इसके लिए खुद को यशवंत का रिश्तेदार बताया था. जिसके बाद में 14 फरवरी की रात में दोनों आरोपी यशवंत को अपने साथ में गांव के पास ले गए और उसे शराब पिला दी, जिसके बाद जब यशवंत स्कूटर पर बैठ रहा था, उसी दौरान आरोपी ने लोहे की रॉड से उसके ऊपर पीछे से हमला कर दिया.
शराब पिलाकर किया रॉड से हमला
जिसके बाद में इस वारदात को हादसे जैसा दिखाने के लिए उन्होंने दोपहिया वाहन को सड़क से नीचे फेंक दिया और यशवंत को घायल छोड़कर भाग गए. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया, क्योंकि वे यशवंत की मौत के बाद में बीमा की रकम को हड़पना चाहते थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- कानपुर में सनसनीखेज मामला! मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को बेचा, 4 अज्ञात लोगों को घर में लाया और फिर…
