बिहार के मुजफ्फरपुर से बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आ रही है. दरअसल यहां पर पहले एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है. उसके बाद पुलिस के पास जाकर उसने खुद ही सरेंडर कर दिया है. चौंकाने वाली बात तो यह है कि लड़का और लड़की दोनों ही नाबालिग है. हालांकि, पुलिस ने लड़के को हिरासत में ले लिया है. साथ ही उसके पास से बंदूक को भी बरामद कर लिया है.
खून से लथपथ आंगन में थी बेटी
परिवार वालों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पूरा परिवार खाना पीना खाकर अपने-अपने कमरे में सोने चला गया था. इसके बाद मां को कुछ आंगन से आवाज आई. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में बाथरूम जाने के लिए ही उठती थी. हालांकि, उन्हें ये नहीं पता था आज बेटी के साथ ऐसा हो जाएगा. दरअसल, जब माता-पिता दोनों ने घर के बाहर आकर देखा तो बेटी का शरीर खून में लथपथ आंगन में पड़ा हुआ था.
मंगलवार के दिन आरोपी ने उठाया कदम
आरोपी मंगलवार की रात में लड़की के घर गया था. जैसे ही लड़की बाहर आई उसने मौका देखते ही नाबालिग लड़की को गोली मार दी.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के पीछे क्या कारण है इसकी कोई भी जानकारी नहीं दी. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
किसी और लड़के से बात करती थी लड़की?
वहीं, गांव के लोगों का कहना हैं कि प्रेम प्रसंग का मामला है. आरोपी ने लड़की को किसी और से बात करते हुए देख लिया था, जिसकी वजह से उसने इतना खतरनाक कदम उठाया था.
