दिल्ली के द्वारका इलाके में हुए सड़क हादसे में अब एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें काले रंग की स्कॉर्पियो सड़क पर तेजी के साथ दौड़ती दिख रही है.
साहिल धनशैरा मामले में नया सीसीटीवी फुटेज
राजधानी दिल्ली के द्वारका में हुए सड़क हादसे में एक 23 साल के मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई थी. अब साहिल धनशैरा की मौत के मामले में एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. मामले में सामने आए नए वीडियो में हादसे के कुछ सेकंड पहले एक काले रंग की स्कॉर्पियो तेज रफ्तार के साथ में दौड़ती दिखाई दे रही है. यह पूरी हादसा दिल्ली के द्वारका इलाके में हुआ थी.
मोटरसाइकिल में टक्कर के बाद टैक्सी में जा घुसी स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद में सड़क किनारे खड़ी टैक्सी में जाकर घुस गई. इस हादसे में साहिल धनैशरा की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं टैक्सी चालक घायल हो गया था. दिल्ली पुलिस ने बताया कि जब टीम मौके पर पहुंची तो घटनास्थल पर टैक्सी, मोटरसाइकिल और एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थीं.
टैक्सी चालक हुआ था घायल
इस पूरे मामले में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हादसे में टैक्सी चालक भी घायल हुआ था. जिसके बाद में टैक्सी चालक अजित सिंह को आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने हादसे के बाद में टैक्सी चालक का बयान दर्ज कर लिया है और मेडिकल राय का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस ने हादसे में शामिल सभी वाहनों को जब्त कर लिया है.
आरोपी के पास नहीं था ड्राइविंग लाइसेंस
अब इस मामले में एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इस पूरे मामले में आरोपी की पहचान अक्षत्रा सिंह के रूप में की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी के पास में ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और वह नाबालिग है. ड्राइवर की उम्र सिर्फ 17 साल बताई जा रही है. नाबालिग होने के कारण आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया है. जिसके बाद उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है.
आरोपी को दे दी गई अंतरिम जमानत
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती FIR में आरोपी की उम्र 19 साल लिखी गई थी, जिसके बाद में बचाव पक्ष की तरफ से पेश किए गए डॉक्यूमेंट्स में यह साफ हुआ कि आरोपी नाबालिग है. आरोपी की उम्र कम होने के कारण उसे अंतरिम जमानत भी दे दी गई है. आरोपी को 10 फरवरी से शुरू कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने के आधार पर उसे यह जमानत दी गई है.
आरोपी के पिता को लिया था हिरासत में
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के पिता को भी हिरासत में लिया गया था, हालांकि उसके बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था. पुलिस का कहना है कि आरोपी के पिता का नाम भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चार्जशीट में शामिल किया जाएगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवक की मौत का कारण दाहिने हाथ में गंभीर चोट और महत्वपूर्ण अंगों में चोट के कारण हुए ज्यादा रक्तस्राव से शॉक और क्रैनियो सेरेब्रल इंजरी को बताया गया है.
वाहन से नहीं किया गया था कोई स्टंट
इस मामले में द्वारका के डीसीपी अंकित कुमार सिंह ने कहा था कि हादसे के समय किसी भी तरह के स्टंट किए जाने का कोई भी सबूत नहीं मिला है. उनका यह बयान उस समय आया था जब कहा जा रहा था कि हादसे के समय वाहन से स्टंट या रील बनाई जा रही थी. युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि चोटों की प्रकृति सड़क दुर्घटना के प्रभाव से काफी मेल खाती हैं.
इस पूरे मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट, तकनीकी जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मृतक के करीबी दोस्त मानव सचदेवा का कहना है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए.
यह भी पढ़ें- साल 2004 में लापता हुआ था शख्स, 22 सालों बाद हुई घर वापसी, बेटे ने पहली बार देखा पिता का चेहरा
