महाराष्ट्र में मुंबई लोकल ट्रेन में एक व्यक्ति बुर्का पहनकर महिला कोच में सफर कर रहा था. इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद में जांच करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी एक बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है.
बुर्का पहनकर किया महिला कोच में सफर
महाराष्ट्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. मुंबई की लोकल ट्रेन के महिला कोच में एक व्यक्ति ने बुर्का पहनकर सफर किया. दरअसल पूरा मामला 6 फरवरी का बताया जा रहा है. इस दिन घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर यह पूरी घटना सामने आई थी. जिसके बाद में अगले दिन से ही इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होना शुरू हो गया.
किसी महिला यात्री ने नहीं दर्ज कराई शिकायत
वीडियो वायरल होने के बाद में रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने इस मामले में जांच शुरू कर दी. हालांकि इस मामले में किसी भी महिला यात्रा ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन फिर भी मामले में गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने जांच की. इस मामले में आरोपी को नासिक से हिरासत में लिया गया. आरोपी की पहचान 57 साल के शेख अल्ताफ हुसैन इशाक के रूप में की गई है.
नासिक से किया गया गिरफ्तार
लोकल ट्रेन में बुर्का पहनकर महिला कोच में सफर करने के आरोप में शेख अल्ताफ को नासिक के मुक्तिधाम इलाके से हिरासत में लिया गया है. जांच करते हुए पुलिस ने ठाणे और घाटकोपर स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली. जिसमें संदिग्ध व्यक्ति अप पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के जनरल जिब्बे से ठाणे स्टेशन पर उतरता दिखाई दिया. जिसके बाद में ऐसे ही सीसीटीवी खंगालते हुए एक वीडियो में वह नासिक रोड स्टेशन पर फेसिंग कूदता दिखाई दिया.
चलने के तरीके से पहचाना आरोपी
जिसके बाद पुलिस ने नासिक में कई कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान कर ली गई. आरोपी को उसकी चलने के तरीके और जूतों से पहचाना गया. आरोपी ने पूछताछ के दौरान साफ जवाब नहीं दिए, जिसके बाद में उसके घर पर तलाशी लेते समय फुटेज वाले जूते और बैग बरामद हो गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी सिजोफ्रेनिया नाम की बीमारी से पीड़ित है और उसका एक मानसिक अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस इस मामले में कानूनी प्रक्रिया को पूरा कर रही है.
यह भी पढ़ें- शिवाजी जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, पुणे के शिवनेरी किले पर मची भगदड़, महिलाओं-बच्चों समेत कई घायल
