मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में पुलिस और एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है. उधम सिंह गैंग के 50 हजार रुपये के इनामी शार्पशूटर आशु उर्फ मोंटी चड्ढा को मुठभेड़ में मार गिराया गया. मुठभेड़ के दौरान बदमाश का एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी है.
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, पुलिस को बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद मुरादाबाद पुलिस और एसटीएफ मेरठ यूनिट ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की.खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आशु उर्फ मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
बताया जा रहा है कि घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक एसटीएफ कर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट में तीन गोलियां लगीं, जिससे वह बाल-बाल बच गया.
रंगदारी मामले में चल रहा था वांछित
आशु उर्फ मोंटी हाल ही में मुरादाबाद के एक एक्सपोर्टर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में वांछित चल रहा था. रंगदारी न देने पर उसने तीन दिन बाद ही एक्सपोर्टर की फर्म पर फायरिंग भी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी.
36 से ज्यादा मुकदमे दर्ज
बता दे कि मृतक बदमाश पर हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 36 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. वह उधम सिंह गैंग का सक्रिय शार्पशूटर था और लंबे समय से पुलिस के निशाने पर था.
बताया जा रहा है कि वर्ष 2010 में हत्या के एक मामले में वह हापुड़ जेल में बंद रहा था.इसी दौरान उसकी मुलाकात उधम सिंह गैंग के सदस्यों से हुई, जिसके बाद वह गैंग से जुड़ गया और कई बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया.
हथियार और कार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 32 बोर की एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, भारी मात्रा में कारतूस और एक स्विफ्ट कार बरामद की है.घटना के बाद से फरार हुए दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है.अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: गुजरात में मौसम का यू-टर्न! कई जिलों में 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट; जानें कहां गिर सकती है बिजली
