उत्तर प्रदेश के बागपत में जिस दिन बड़े भाई ने पुलिस की वर्दी पहनी उसी दिन अग्निवीर में तैनात छोटे भाई की मौत हो गई. इस घटना के बाद खुशी का माहौल शोक की लहर में बदल गया.

एक बेटे ने रखा पुलिस में कदम, दूसरे की गई जान
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक परिवार के बड़े बेटे ने अपने सपनों को पूरा करते हुए पुलिस सेवा में कदम रखा, तो वहीं उसी दिन घर के दूसरे बेटे ने देश के लिए अपनी जान दे दी. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना बागपत जिले के छपरौली क्षेत्र के लूम्ब गांव की है. यहां के रहने वाले अग्निवीर सोहित चौहान की अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान मौत हो गई.
बर्फीले तूफान ने ले ली जान
जानकारी के मुताबिक रविवार को एक बर्फीले तूफान के दौरान एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने के कारण सोहित गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद परिवार शोक में डूब गया. आपको बता दें कि सोहित साल 2023 में अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना की 3 ग्रेनेडियर यूनिट में भर्ती हुए थे. जिस दिन उनकी मौत हुई उसी दिन उनके बड़े भाई मोहित चौहान उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हो रहे थे.
घटना के दिन बड़े भाई की थी पासिंग आउट परेड
आपको बता दें कि जिस दिन सोहित की मौत की खबर आई, उस दिन उनके बड़े भाई की पासिंग आउट परेड थी, जिसको देखने के लिए उनके पिता भी गए हुए थे. घर में जश्न का माहौल बना हुआ था, लेकिन इसी बीच सोहित की मौत की खबर ने जश्न के माहौल को मातम के माहौल में बदल दिया. इस घटना ने एक ही दिन में परिवार को अंदर से बुरी तरह तोड़ दिया.
पूरा देश परिवार के साथ- सांसद
सोहित के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए गांव में भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अंतिम विदाई के दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई. इस दौरान पीड़ित परिवार से मिलने के लिए सांसद राजकुमार सांगवान भी पहुंचे और उन्होंने कहा कि पूरा देश परिवार के साथ खड़ा है. सरकार उनके साथ है और हर तरह की संभव मदद दिलाई जाएगी. इस घटना के बाद परिवार और गांव में दुख का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़ें- मैच खत्म, जिंदगी खत्म! IPL देखकर लौट रहे भाइयों की दर्दनाक मौत; अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
