राजस्थान के बाड़मेर जिले में भारत-पाक सीमा के पास बुलडोजर कार्रवाई की गई है. इस दौरान 2 मस्जिदों के साथ अन्य अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया है. ग्रामीणों में नाराजगी दिख रही है.

पाक सीमा पर बुलडोजर कार्रवाई
राजस्थान के बाड़मेर जिले भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे हुए इलाकों में बुलडोजर कार्रवाई की गई है. जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार ने निर्देश पर इलाकों में ऑपरेशन क्लीन चलाया जा रहा है. ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत प्रशासन ने गडरा रोड और सोड़वा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए सरकारी ओरण और गोचर भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया है.
2 मस्जिदों को ढहाया गया
जानकारी के मुताबिक कार्रवाई के दौरान 2 मस्जिदों के साथ अन्य अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त किया गया है. अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि गृह मंत्रालय के निर्देशों के बाद सीमा से 50 किमी के दायरे में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमणों का सर्वे कराया गया था. इस दौरान चुनी गई अतिक्रमण की जगहों को पहले से ही नोटिस जारी किया गया था.
भारी पुलिस बल तैनात
बताया जा रहा है कि निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और जिला प्रशासन की मौजूदगी में अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है. जानकारी के मुताबिक कार्रवाई के दौरान गडरा रोड क्षेत्र के मलाना गांव और सेड़वा उपखंड के भलीसर गांव में अतिक्रमणों को हटाया गया है. इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल को भी तैनात किया गया.
ग्रामीणों में नाराजगी
प्रशासन के मुताबिक कार्रवाई के दायरे में आने वाले निर्माण सरकारी जमीन पर किए गए थे. जिससे संबंधित पक्षों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है. आपको बता दें कि स्थानीय लोगों का दावा है कि हटाए गए धार्मिक स्थल कई सालों पुराने थे और उनसे कई समुदायों की आस्था जुड़ी हुई थी. इस दौरान ग्रामीणों ने इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई है.
यह भी पढ़ें- ममता के एक और करीबी का इस्तीफा! ज्योतिप्रिय मलिक ने छोड़े TMC के सभी पद; खराब स्वास्थ्य का दिया हवाला
