UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल किया है. पार्टी नेतृत्व ने विभिन्न मंडलों और जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है. गौतमबुद्ध नगर समेत 6 जिलों में संगठनात्मक बदलाव किया गया है. इसके साथ ही पार्टी ने आगामी चुनाव के मद्देनजर अपनी सोशल इंजीनियरिंग (ब्राह्मण और ओबीसी समाज) पर भी विशेष ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है.
रणधीर सिंह बेनीवाल को सहारनपुर के साथ-साथ मुरादाबाद मंडल
बसपा ने केंद्रीय कोऑर्डिनेटर रणधीर सिंह बेनीवाल को सहारनपुर के साथ-साथ मुरादाबाद मंडल की भी जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं पूर्व एमएलसी भीमराव अंबेडकर, पूर्व मंत्री गयाचरण दिनकर और पूर्व एमएलसी विजय प्रताप सिंह को कानपुर मंडल का प्रभार दिया गया है.
अकबरपुर विधानसभा सीट से मनोज वर्मा को प्रत्याशी घोषित
बहुजन समाज पार्टी ने अकबरपुर विधानसभा सीट से मनोज वर्मा को प्रत्याशी घोषित कर चुनावी तैयारियों का भी संकेत दे दिया है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर समेत छह जिलों में संगठनात्मक बदलाव किए गए हैं.
पारंपरिक वोटरों को साधने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक बसपा का फोकस अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक को दोबारा संगठित करने के साथ-साथ संगठन में नई ऊर्जा भरने पर है। इसके साथ ही पार्टी आगामी चुनावों में ब्राह्मण और ओबीसी समाज को भी विशेष तवज्जो देने की रणनीति पर काम कर रही है।
मायावती की रणनीति?
राजनीतिक जानकारों की मानें तो बसपा का यह कदम केवल संगठन को मजबूत करना नहीं, बल्कि अपने छिटके हुए कैडर वोटर्स को वापस पार्टी से जोड़ना है राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बसपा के ये बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किए गए हैं, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा सके और पार्टी की चुनावी मौजूदगी को मजबूत बनाया जा सके.
ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही पर जताया दुख, कहा- हर संभव सहायता के लिए तैयार
