दिल्ली के मोती नगर इलाके में एक घर में आग लग गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घर में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गया. फायर विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की.
राजधानी दिल्ली के मोती नगर इलाके में देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई. आग लगने से यहां एक शख्स की मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक हादसा शाहपुरा इलाके के गली नंबर-11 में हुआ. आग 2 मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी. बताया जा रहा है कि LPG गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
मौके पर रवाना हुई फायर विभाग की टीम
दिल्ली फायर विभाग के मुताबिक मकान में आग लगने की सूचना तड़के करीब 3:25 से 3:27 बजे के बीच मिली थी. जिसके बाद ही दमकल विभाग की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया. आग की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एक वाटर टेंडर, एक ब्रीथिंग फायर टेंडर और एक वाटर बाउजर भेजा गया.
ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी आग
आपको बता दें कि दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का काम शुरू किया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी. इसी दौरान घर में रखा LPG सिलेंडर आग की चपेट में आ गया और तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया.
मृत अवस्था में मिला व्यक्ति
फायर विभाग के अधिकारियों ने मामले में जानकारी देते हुए बताया सिलेंडर ब्लास्ट के बाद घटनास्थल पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला. सुबह करीब 4:30 बजे दमकल विभाग की ओर से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
आग कैसे लगी, इसकी जांच जारी
बताया जा रहा है कि फिलहाल अभी आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं. जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि ग्राउंड फ्लोर पर आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके बाद LPG सिलेंडर किस वजह से ब्लास्ट हुआ.
