राजधानी में दिल्ली पुलिस की सूझबूझ से चाइल्ड ट्रैफिकिंग के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. यह गिरोह बड़े ही संगठित तरीके से काम को अंजाम दे रहा था. कुल 13 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
कैसे पता लगा गिरोह का
दरअसल, पुलिस ने एक अस्पताल संचालिका, दलाल और साथ ही बच्चों को खरीदने वाले परिवार को पकड़ा है. 5 मासूम बच्चों को मुक्त कराया गया है. पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ नवजात तस्कर गिरोह बच्चे को बेचने की कोशिश में है. 5 जून को मिली सूचना के आधार पर सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की ऑपरेशन यूनिट ने पहाड़गंज इलाके में आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास में गिरोह को पकड़ने के लिए जाल बिछाया.
पूरा गिरोह संगठित तरीके से काम करता था. इसी कारण से पुलिस ने भी नकली ग्राहक बनकर तस्करों को पकड़ने की कोशिश की. नकली ग्राहक बनने के बाद में पुलिस ने शालू, ललित और कमलेश नाम के युवक को 4-5 दिन के नवजात संग पकड़ा. साथ ही 20 हजार की टोकन राशि को भी बरामद किया गया.
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद में काफी चौंकाने वाले खुलासा हुआ. दरअसल, आरोपियों ने बताया कि यह पूरा गिरोह आदिवासी परिवारों की मदद से चलता है. आदिवासी परिवार 1.5 से 2 लाख रुपये में अपने नवजात बच्चों को बेचता है. उसके बाद में यह आरोपी उस बच्चे को ऐसे परिवार को बेचते थे, जो कि नि:संतान होते थे. जरूरतमंद दंपति बच्चों को 6, 8 या 9 लाख रुपये में खरीदते थे.
जांच आगे बढ़ने के बाद एक परिवार को भी पकड़ा गया और उनके पास से 1.5 से 2 लाख रुपये भी बरामद किए गए. इस रकम को नवजात शिशु को खरीदने के लिए रखा गया था. पूछताछ में यह भी पता चला कि गिरोह के संग में एक डॉक्टर भी इस काम का हिस्सा थी. वह नवजात बच्चों को अस्पताल में सुरक्षित रखा करने का काम करती थी. साथ ही उनका जन्म प्रमाण पत्र और कई अहम दस्तावेज भी तैयार किया करती थी. ताकि गोद लेने वाले परिवार को पूरा भरोसा हो जाए. डॉ. विवेकी, हीरा मल्टी स्पेशियलिटी नाम से अस्पताल को चलाती है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक सप्लायर को भी गुजरात से गिरफ्तार किया गया है. वह राजस्थान और गुजरात से बच्चों को लाता था. आरोपियों के संग पकड़े गए नवजात बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास में पुनर्वास, देखभाल और संरक्षण के लिए भेजा गया है. अभी तक बच्चों के माता पिता की पहचान नहीं हो पाई है. उनकी भी तलाश जारी है. पुलिस ने सप्लायर सायबाभाई घामर को गुजरात से पकड़ा है. नवजात बच्चों में 4 बच्चे बरामद किए गए है.
ये भी पढ़ें: हापुड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश श्याम मुठभेड़ में ढेर, हैड कांस्टेबल भी घायल
