एक बार फिर गोरखपुर से एक बड़ा मामला सामने आया है. दरअसल, यहां पर एक ही परिवार के 9 लोगों की तबीयत तरबूज और नूडल्स खाने से खराब हो गई है. मामला मलांव गाव का है. बताया जा रहा हैं कि सभी लोगों की हालत नूडल्स और तरबूज खाने की वजह से गंभीर हो गई थी. 13 मई की रात में पूरे परिवार ने तरबूज और नूडल्स खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी.
उल्टी, दस्त और ठंड
जानकारी के अनुसार, पूरे परिवार ने बुधवार के दिन शाम 4 बजे के करीब में तरबूज खाया था. तरबूज खाने के डेढ़ घंटे बाद ही परिवार ने नूडल्स खाया. अचानक ही नूडल्स खाने के बाद में परिवार की तबीयत बिगड़ने लगी थी. सभी सदस्यों को उल्टी, दस्त और थोड़ी देर बाद ठंड लगने की समस्या होने लगी.
सभी को निगरानी में रखा
परिवार के सभी सदस्यों को पहले बेलीपार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. हालांकि, हालत में सुधार न हो पाने के कारण सभी को गोरखपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया. परिवार में बच्चों से लेकर बूढ़ें सभी लोग शामिल थे. फिलहाल सभी की हालत स्थिर है. सभी को निगरानी में रखा गया है. बच्चों की हालत में सुधार देखने को मिला है. इसी कारण से उन्हें घर भेज दिया गया है.
पैकेट फूड के एक्सपायर होने के कारण
डॉक्टरों का कहना हैं कि अभी तक जांच की रिपोर्ट सामने नहीं आई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि परिवार की तबीयत आखिर किस वजह से खराब हुई है. वहीं, डॉक्टरों ने सलाह दी कि पैकेट फूड के एक्सपायर होने के कारण भी ऐसी गंभीर स्थिति पैदा होती है. साथ ही कई लोग तरबूज को पकाने के लिए हानिकारक केमिकल का प्रयोग करते है.
ये भी पढ़ें: बिहार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की ईशान किशन से मुलाकात, किया भारी रकम से सम्मानित
