पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई हत्या और रेप के मामले में बड़ा एक्शन लिया है. उन्होंने इस मामले में 3 IPS अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है.

RG कर मामले में 3 अधिकारी सस्पेंड
पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक्शन मोड में हैं. सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई हत्या और रेप के मामले में बड़ा एक्शन लिया है. शुभेंदु अधिकारी ने मामले में कार्रवाई करते हुए 3 IPS अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि मुख्य सचिव और गृह सचिव से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.
परिवार को पैसे देने पहुंचे थे अधिकारी
सीएम ने 3 IPS अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है. इन अधिकारियों में कोलकाता पुलिस के पूर्व कमिश्नर विनीत गोयल, IPS इंदिरा मुखर्जी और IPS अभिषेक गुप्ता शामिल हैं. सीएम अधिकारी के मुताबिक कुछ पुलिस ऑफिसर पीड़ित परिवार को पैसे देने के लिए पहुंचे थे. इसी आरोपी के आधार पर सरकार ने मामले से संबंधित अधिकारियों को सस्पेंड करने का फैसला किया है.
मामले में होगी विभागीय जांच
शुभेंदु अधिकारी का कहना है कि इस पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी और इस दौरान संबंधित अधिकारियों के बयानों को दर्ज किया जाएगा. सीएम के मुताबिक जांच के अगले चरण में अधिकारियों के फोन कॉल रिकॉर्ड, वॉट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार यह पता लगाएगी कि उस दौरान किन अधिकारियों ने किससे बात की थी और उच्च स्तर से क्या निर्देश दिए गए थे.
अब जल्दी ही न्याय मिलेगा- पीड़िता की मां
सरकार के इस फैसले को लेकर पीड़िता की मां ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि उम्मीद है कि अब मामले में जल्द ही न्याय मिलेगी. इस दौरान पीड़िता की मां ने भावुक होकर कहा कि “मेरी बेटी की मौत ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया. हर धर्म, जाति और समुदाय के लोगों ने सिर्फ एक ही आवाज उठाई- हमें न्याय चाहिए.” सीएम के इस फैसले को तिलोत्तमा हत्याकांड में जवाबदेही तय करने के लिए जरूरी कदम मान जा रहा है.
यह भी पढ़ें- पुणे अस्पताल बम कांड में बड़ा खुलासा! पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी; ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया
