Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गुरुवार देर रात के दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां मैरिज लॉन में गार्ड की नौकरी करने वाले गार्ड और उसके बेटे की करंट लगने से मौत हो गई है. जबकि, पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है. जिसका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कालू कुआं मोहल्ला में बने सिटी गार्डन की है. मृतकों की पहचान 50 वर्षीय बाबूलाल और उनके 30 वर्षीय बेटे धीरू के रूप में हुई है. ये सिटी गार्डन में ही एक कमरे में रहते थे. गुरुवार को ही मृतक गार्ड का बेटा धीरू उससे मिलने आया था. देर रात करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई है. करंट लगने के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
पिता पुत्र की करंट की चपेट में आने से मौत
फिलहाल, अभी तक यह स्पष्ट नहीं होने पाया है कि दोनों को करंट कैसे लगा है. सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची. दोनों को कमरे के अंदर से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया. पिता-पुत्र की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पुलिस ने पूरे घटना की जांच शुरू कर दी है. मृतक मूल रूप से गिरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, पिता पुत्र की करंट की चपेट में आने से मौत हुई है, जिसकी गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है. बताया जा रहा है कि गुरुवार रात में तीनों ने साथ में खाना खाया. जब अचानक देर रात मैरिज लॉन में शोर शराबा होने लगा, तब मैरिज लान के संचालक को जानकारी दी गई. जब मैरिज लॉन खोला गया तो पिता-पुत्र जमीन पर पड़े मिले. वहीं महिला की भी हालत बिगड़ी मिली.
जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बालूलाल और उसके बेटे धीरू को मृत घोषित कर दिया. बाबूलाल की पत्नी मुन्नी का अभी भी इलाज चल रहा है. इस मामले में सहायक पुलिस अधीक्षक मेविश टॉक ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
ये भी पढ़ें: चंबा में बड़ा हादसा! सूमो गाड़ी पर गिरी विशाल चट्टान, 13 लोगों की मौत
