अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच हो रही जंग का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है. देश में रसोई गैस (LPG) का संकट काफी गहराता जा रहा है. घरेलू सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें दिख रही हैं. वहीं होटल और रेस्तरां का कारोबार मानों ठप होने की कगार पर आ गया है. देश के कई शहरों में गैस का संकट दिखाई दे रहा है. कई जगहों से कालाबाजारी की खबरें भी आना शुरू हो गई हैं.
कालाबाजारी कर रहे लोग
गैस के संकट से निपटने के लिए GAIL-ONGC को गैस प्रोडक्शन बढ़ाने का निर्देश दिया गया है. देश के कई शहरों से कालाबाजारी की खबरें आ रही हैं, जरूरतमंद लोगों से मनमाने पैसों को वसूला जा रहा है. मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण भारत में भी लोगों को परेशानियां होने लगी हैं. देश के कई शहरों और राज्यों में गैस की काफी किल्लत है. आइए आपको बताते हैं कि देश में किस जगह पर कैसे हालात हैं-
दिल्ली और चंडीगढ़ में क्या हालात?
देश की राजधानी दिल्ली में LPG सिलेंडर की सप्लाई खत्म होने के डर के चलते लोग गैस एजेंसी के बाहर लंबी लाइनें लगाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं. वहीं इसी के साथ चंडीगढ़ में भी हालात खराब होते दिखाई दे रहे हैं. सिलेंडरों की सप्लाई में रुकावट के बीच चंडीगढ़ में लोगों ने आरोप लगाया है कि LPG सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई है. लोगों का कहना है कि कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर कालाबाजारी में लग गए हैं.
गुजरात सरकार का बड़ा फैसला
घरेलू गैस की सप्लाई न रुक पाए, जिसको लेकर गुजरात सरकार ने बड़ी फैसला लिया है. सरकार ने व्यावसायिक गैस की सप्लाई में 50 प्रतिशत की कटौती कर दी है. गुजरात सरकार में ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा है कि सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि किसी भी घर में रसोई गैस की कमी न हो पाए. गुजरात में घरेलू गैस को प्राथमिकता देते हुए व्यावसायिक इस्तेमालों पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं.
राजस्थान में भी दिख रहा असर
देश के कई राज्यों और शहरों में इस समय गैस की किल्लत हो गई है. जिसका असर राजस्थान में भी दिखाई दे रहा है. आपको बता दें कि तेल कंपनियों ने रसोई गैस के लगातार कम हो रहे स्टॉक को देखते हुए कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी के ऊपर रोक लगा दी गई है. गैस एजेंसियों से कहा गया है कि घरेलू सिलेंडरों के ऊपर ही फोकस किया जाए.
राजधानी लखनऊ में भी हालात खराब
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी मिडिल ईस्ट के युद्ध का असर सीधे तौर पर दिखने लगा है. लखनऊ में भी कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई के ऊपर संकट छाया है. यहां सोमवार से पहले बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को सिलेंडर सप्लाई किया जा रहा है. आपको बता दें कि नई बुकिंग को बंद कर दिया गया है, जिससे शहर के होटल और रेस्टोरेंट्स पर संकट छाने की उम्मीद दिखाई दे रही है.
मुंबई में बंद हो सकते हैं होटल
मुंबई के होटल एसोसिएशनों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों के अंदर कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई 10 से 20 प्रतिशत तक कम जा चुकी है. रेस्टोरेंट के मालिक गैस सिलेंडरों को बुक कर रहे हैं, लेकिन समय के साथ डिलीवरी नहीं हो पा रही है. मुंबई में अगर गैस के हालात नहीं सुधर रहे हैं, तो अगले 2 दिनों के अंदर कई रेस्टोरेंट बंद भी हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- नीच हरकतों से बाज नहीं आ रहा पाकिस्तान, मिडिल ईस्ट में जंग के बीच बिगाड़ रहा भारत की छवि
बेंगलुरु और कोलकाता में किल्लत
बेंगलुरु में भी होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की वॉर्निंग दी गई है. बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन का कहना है कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई रुकने के कारण होटल का काम काफी प्रभावित हो सकता है. अगर शहर में यही हालात रहे तो, इसका असर आम लोगों के साथ छात्रों पर भी दिखाई देगा. कोलकाता में भी ऐसे ही कुछ हालात देखने को मिल रहे हैं. यहां भी रेस्टोरेंट में कमर्शियल सिलेंडरों में कमी होने लगी है.
चेन्नई में बंद हो रहे होटल
LPG सिलेंडरों की कमी के ऊपर चेन्नई होटल्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एम रवि ने कहा कि हम 24 घंटों के अंदर चेन्नई में होटलों को बंद कर रहे हैं. वहीं तिरुपुर डिस्ट्रिक्ट होटल ओनर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी नागराजन वे भी कहा है कि आज के समय की अवेलेबिलिटी को देखते हुए रेस्टोरेंट सिर्फ 2 दिनों तक ही चल पाएंगे. उन्होंने कहा कि अगर हम सभी रेस्टोरेंट बंद कर देते हैं, तो 50 हजार से ज्यादा वर्कर पर प्रभाव पड़ेगा.
सरकार लगातार देश में गैस की आपूर्ति को लेकर कदम उठा रही है. अभी तक सरकार ने गैस की आपूर्ति को लेकर इन कदमों को उठाया है-
- रिफाइनरियों को LPG प्रोडक्शन को बढ़ाने का आदेश दिया है.
- ज्यादा LPG निकालने के लिए GAIL-ONGC को आदेश दिया है.
- घरेलू LPG की सप्लाई को दी जा रही प्राथमिकता
- कालाबाजारी रोकने के लिए 25 दिनों का इंटर बुकिंग नियम लागू किया गया.
- गैर-घरेलू क्षेत्रों के लिए LPG सप्लाई के लिए समीक्षा समिति बनाई गई
यह भी पढ़ें- शिकायत करने जा रहे थे लड़की के मां-बाप, रास्ते में दामाद ने सास की नाक पर चलाई कैंची
