मिडिल ईस्ट जंग के दौरान ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी सेना के लुकास ड्रोन को खत्म किया है. ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी फार्स न्यूज ने एक अमेरिकी ड्रोन के क्षतिग्रस्त होने का वीडियो भी जारी किया है.
ईरान ने मार गिराया अमेरिकी ‘लुकास’
मिडिल ईस्ट में चल रही जंग को लगभग 25 दिन होने वाले हैं. अमेरिका और इजरायल साथ मिलकर ईरान के ऊपर संयुक्त हमले कर रहे हैं. वहीं ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है. इसी बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के ‘लुकास’ (LUCAS) वन-वे अटैक ड्रोन को खत्म किया है. ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी फार्स न्यूज ने एक वीडियो को जारी करते हुए यह दावा किया है.
ईरान ने मार गिराए 131 ड्रोन
ईरान की सरकारी मीडिया द्वारा जारी किए गए वीडियो में एक क्षतिग्रस्त अमेरिकी ड्रोन दिखाया गया है. आपको बता दें कि युद्ध के दौरान ईरान लगातार अमेरिका के और बाकी के विदेशी ड्रोनों को निशाना बना रहा है. ईरान का दावा है कि उसने अमेरिकी सेना के लुकास ड्रोन को मार गिराया है. ईरान का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद अब उसके द्वारा मारकर गिराए गए ड्रोनों की संख्या 131 तक पहुंच चुकी है.
कैसा होता है शाहेद ड्रोन?
आपको बता दें कि अमेरिकी लुकास को ईरान के शाहेद ड्रोन के समान ही बताया जाता रहा है. ईरान का शाहेद ड्रोन कम लागत और खतरनाक मारक क्षमता के कारण जाना जाता है. शाहेद -136 लगभग 3.5 मीटर की लंबाई का होता है और इसकी चौड़ाई लगभग 2.5 मीटर तक होती है. शाहेद ड्रोन लगभग 200 किलोग्राम तक वजन का होता है. इस ड्रोन की खास तिकोना जैसी डिजाइन इसे हवा में उड़ने और उड़ान के दौरान स्थिरता बनाए रखने में काफी मदद करती है.
2,500 किमी तक हमला करने में होता है सक्षम
ईरान के शाहेद ड्रोन को दुनिया में कम लागत और घातक मारक क्षमता के कारण जाना जाता है. आपको बता दें कि शाहेद ड्रोन में पीछे की तरफ एक छोटा सा पिस्टन लगा हुआ होता है, इस पिस्टन को पुशर प्रोपेलर कहा जाता है. यह ड्रोन लगभग 185 किमी प्रति घंटे की स्पीड के साथ उड़ान भर सकता है. यह ड्रोन इतना खतरनाक है कि एक बार में 2,000 से 2,500 किमी दूर मौजूद दुश्मन के ठिकानों पर भी हमला कर सकता है. इस ड्रोन में 30 से 50 किलो तक भारी विस्फोटक मौजूद होता है.
यह भी पढ़ें- सड़क पर उतरे संजय निषाद,समर्थकों के साथ कैबिनेट मंत्री ने किया हाईवे जाम
