मध्य प्रदेश में एक शादी समारोह के दौरान फायरिंग हुई और बैंड-बाजा बजाने वाले एक 17 साल के किशोर को गोली लग गई. जिसके बाद किशोर की मौत हो गई.
शादी समारोह में चली गोली
मध्य प्रदेश के सागर से एक शादी समारोह के दौरान किशोर की मौत हो गई. सागर के मोती नगर थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास में आयोजित एक शादी समारोह में गोली चली, जिससे वहां मौजूद किशोर की मौत हो गई. इस घटना के बाद में मृतक किशोर के परिजनों ने मोती नगर ताने के सामने काफी प्रदर्शन किया, इसी के साथ बुंदेखंड मेडिकल कॉलेज में भी हंगामे जैसी स्थिति तैयार हो गई.
नाबालिग किशोर को लगी गोली
जानकारी के मुताबिक शादी समारोह के दौरान राइफल से हर्ष फायरिंग हुई. इस दौरान बारात में बैंड-बाजा बजाने के लिए आए एक 17 साल के किशोर को गोली लग गई. मृतक किशोर की पहचान स्टेशन क्षेत्र निवासी विवेक बंसल के रूप में की गई है. गोली लगने के बाद में तुरंत ही किशोर को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने काटा हंगामा
किशोर की मौत के बाद उसके परिजनों में गुस्सा फूट गया और मेडिकल कॉलेज में हंगामा कर दिया. जिसके बाद में स्थिति संभालने के लिए बड़ी मात्रा में पुलिस बल पहुंचा. इसी के साथ मृतक के परिजनों ने बैंड-बाजे का सभी सामान लाकर मोती नगर थाने के सामने रख दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे. जिसके बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया और आरोपी की गिरफ्तारी करने का दावा किया.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों ने बताया कि शादी में अचानक से फायर हुआ और विवेक वहीं पर गिर गया. जिसके बाद उसके शरीर से खून को निकलता देख उसके साथी तुरंत ही उसे एक प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए. यहां से उसे बीएमसी में भेज दिया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घर में इकलौता था किशोर
जानकारी के मुताबिक विवेक अपने घर का इकलौता बेटा था. पुलिस ने इस कांड के बाद जांच को शुरू किया. ऐसा भी बताया जा रहा है कि बारात में शामिल रहे लोगों ने फायर करने वाले आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, 3 अपराधियों के पैरों में मारी गोली, असद गैंग का सरगना भी गिरफ्तार
