महाराष्ट्र के नागपुर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार पिता और उसकी बेटी की मौके पर मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर
महाराष्ट्र के नागपुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. नागपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर चल रही मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी, कि बाइक सवार पिता और उसकी बेटी की मौके पर मौत हो गई. इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जैसे ही इस घटना की जानकारी उनके परिवार को मिली तो पूरे परिवार में सन्नाटा पसर गया.
उमरेड पुलिस थाना का मामला
घटना में मरने वाले व्यक्ति की पहचान सुभाष भिवनकर और उसकी बेटी की पहचान तन्वी भिवनकर के रूप में की गई है. पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना नागपुर के ग्रामीण क्षेत्र में उमरेड पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है. जानकारी के मुताबिक मोहपा इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे की तरफ से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद दूर गिरे बाप-बेटी
ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पिता और उसकी बेटी सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे. जिसके बाद उन्हें संभलने का भी मौका नहीं मिला. स्थानीय लोगों ने जब तक मौके पर पहुंचकर दोनों को उठाया, तब तक दोनों की मौत हो गई थी. इस घटना की खबर मिलने के बाद में परिवार में तुरंत ही कोहराम मच गया. टक्कर के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
लोगों ने कर दी ट्रक ड्राइवर की पिटाई
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट गया और गुस्साईं भीड़ ने ट्रक के ऊपर पथराव शुरू कर दिया और ड्राइवर को नीचे उतारकर उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी. जिसके बाद पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई. सूचना मिलने के बाद में उमरेड थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
यह भी पढ़ें- भाजपा नेता के घर लगी आग, एक के बाद एक करके हुए धमाके, नेता ने किया जानलेवा हमले के दावा
