मुरैना में NH-44 पर एक बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बाइक पहले रिक्शा से टकराई और परिवार सड़क पर जा गिरा. इसी दौरान वे लोग किसी भारी वाहन की चपेट में आ गए.
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में NH-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बताया जा रहा है कि नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के पास बाइक सवार एक परिवार हादसे का शिकार हो गया. दुर्घटना में बाइक पर सवार दंपती और उनके दो बच्चों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है.
रिक्शे जा टकरा गई बाइक
पुलिस के मुताबिक बाइक सवार परिवार ग्वालियर की तरफ से मुरैना की ओर जा रहा था. इस दौरान जेके टायर फैक्ट्री के पास सड़क किनारे कचरा ढोने वाला एक रिक्शा खड़ा था. इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर रिक्शे से टकरा गई. टक्कर के बाद बाइक पर सवार दंपती और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे.
भारी वाहन की चपेट में आया परिवार
आशंका है कि इसी दौरान चारों किसी तेज रफ्तार ट्रक या दूसरे किसी भारी वाहन की चपेट में आ गए. हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि चारों की मौत किस वाहन की टक्कर से हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जांच और CCTV फुटेज की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.
ग्वालियर की ओर से आ रहा था परिवार
इस हादसे की सूचना मिलते ही नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी ने बताया कि बाइक सवार ग्वालियर की ओर से आ रहे थे. जेके टायर फैक्ट्री के पास बाइक सड़क पर खड़े कचरा ढोने वाले रिक्शे से टकराई. इसके कारण बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और किसी भारी वाहन की चपेट में आ गए.
मृतकों की नहीं हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले दंपती और दोनों बच्चों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है. पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है. इसके अलावा घटनास्थल पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
