NEET परीक्षा रविवार को दोबारा से होने वाली है. जिसको लेकर दिल्ली सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं. सरकार ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष कूलिंग जोन बनाने के लिए निर्देश दिए हैं. इसकी मदद से छात्रों के अभिभावकों को काफी राहत मिलेगी.

NEET परीक्षा को लेकर दिल्ली सरकार की तैयारी
रविवार यानी 21 जून को NEET UG परीक्षा का दोबारा से आयोजन होने वाला है. जिसको लेकर पूरे देश में प्रशासन हाई अलर्ट पर है. इस परीक्षा को लेकर केंद्र और दिल्ली सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं. आपको बता दें कि केंद्रीय शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को देशभर के 220 अधिकारियों, परीक्षा समन्वयकों और जिला अधिकारियों के साथ बैठक करके परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की है.
परीक्षा केंद्र के बाहर बनेंगे कूलिंग जोन
आपको बता दें कि दिल्ली सरकार ने परीक्षा देने वाले छात्रों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में सभी 97 परीक्षा केंद्रों पर कूलिंग जोन बनाए जाएंगे. आपको बता दें कि इन केंद्रों में 69 स्कूल और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं. इन कूलिंग जोन में छात्रों के अभिभावकों के बैठने के लिए व्यवस्था की जाएगी.
कूलिंग जोन में रहेगी ये सुविधाएं
बताया जा रहा है कि इन कूलिंग जोन में बैठने की व्यवस्था के साथ स्वच्छ पेयजल, शिकंजी, ओआरएस, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसको लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच केंद्रों के बाह कई घंटों तक इंतजार करने वाले अभिभावकों की सुविधा के लिए यह पहल की जा रही है. उन्होंने कहा कि इससे छात्रों का मानसिक तनाव भी कम होगा.
अलर्ट मोड पर प्रशासन
जानकारी के मुताबिक दिल्ली में लगभग 60 हजार अभ्यार्थी परीक्षा देने वाले हैं. दिल्ली सरकार ने छात्रों की सुविधा को लेकर डीटीसी बसों की मुफ्त यात्रा देने की व्यवस्था की है. वहीं साथ ही कई जगहों पर विशेष कूलिंग जोन भी तैयार किए जा रहे हैं, जिससे छात्रों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत मिल सके. सुरक्षा को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली प्रशासन परीक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर है.
