pm modi high level meeting: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधित सप्लाई के बीच पीएम मोदी ने हाई-लेवल बैठक कर देश की ऊर्जा सुरक्षा और जरूरी चीजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. सरकार ने तेल, गैस और उर्वरक की कमी को रोकने के लिए जमाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं.

pm modi high level meeting: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार शाम अपने आवास पर एक अहम बैठक की. इस बैठक में कई बड़े मंत्री और अधिकारी शामिल हुए. इसमें पेट्रोलियम, कच्चा तेल, गैस, बिजली और उर्वरक जैसी जरूरी चीजों की स्थिति पर चर्चा हुई. सरकार का मुख्य फोकस यही रहा कि देश में इन जरूरी चीजों की सप्लाई बिना रुकावट जारी रहे. लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इस पर खास ध्यान दिया गया.
बैठक में गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, वित्त मंत्री और विदेश मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे. सरकार पहले से ही हालात को संभालने के लिए कदम उठा रही है. इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने कहा था कि मिडिल ईस्ट में चल रही जंग से दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा हुआ है. उन्होंने लोगों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की थी. साथ ही यह भी कहा कि यह समय समझदारी से काम लेने का है.
सरकार ने साफ किया है कि वह सप्लाई चेन में आई रुकावटों को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है. 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद हालात और बिगड़ गए हैं. इस वजह से तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है. खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही कम हो गई है. यह रास्ता बहुत अहम है, क्योंकि दुनिया का बड़ा हिस्सा इसी से ऊर्जा सप्लाई करता है. इस स्थिति को संभालने के लिए भारत कई देशों के संपर्क में भी है.
गैस सप्लाई को लेकर भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं. घरेलू एलपीजी की सप्लाई अभी सामान्य बताई जा रही है. कहीं भी गैस की कमी नहीं है. पहले की तुलना में अब पैनिक बुकिंग भी कम हुई है. कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई धीरे-धीरे बढ़ाई गई है. होटल, ढाबे, फैक्ट्री और दूसरे कारोबारों को प्राथमिकता दी जा रही है. छोटे सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि मजदूरों को परेशानी न हो.
सरकार ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर भी सख्ती शुरू कर दी है. जगह-जगह छापेमारी की जा रही है. बंदरगाहों पर काम सामान्य तरीके से चल रहा है. साथ ही विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर भी नजर रखी जा रही है. कई लोगों को सुरक्षित वापस लाया गया है. सरकार का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर और कदम उठाए जाएंगे.
