छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी करके उसे गिरफ्तार कर लिया है.

पति ने की पत्नी की हत्या
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. रायपुर में पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में महिला के पति को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के कारण अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी. जिसके बाद व्यक्ति फरार हो गया. जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला कोतवाली क्षेत्र का है.
अस्पताल में किया मृत घोषित
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार किया है. मृतका की पहचान पार्वती साहू के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि महिला छुईया तालाब के पास में एक किराए के मकान में रहती थी. जिसके बाद वह 28 अप्रैल को अचेत अवस्था में मिली थी. महिला को तुरंत ही मोकाहारा अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसके शव का पोस्टमार्टम करवाया था. जिसके बाद 8 मई को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई और उसमें गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हो गई. जिसके बाद आरोपी के खिलाफ BNS की धाराओं में मामला दर्ज किया था. पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद इसकी जांच शुरू की. शुरुआती जांच में सामने आया कि मृत महिला को आखिरी बार उसके पति के साथ देखा गया था.
आरोपी ने कबूल ली सच्चाई
आपको बता दें कि घटना के बाद से आरोपी पति भी फरार चल रहा था. जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश करके गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने सब सच्चाई पुलिस को बता दी. आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन दोनों के बीच में विवाद हुआ था और गुस्से में आकर युवक ने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 साल के ललित उर्फ विक्की साहू के रूप में की गई है.
यह भी पढ़ें- ‘मेरी लाश को कूड़े में…’, युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या; सुसाइड नोट पढ़कर भावुक हुए लोग
