पंजाब से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है. दरअसल, तरनतारन में एक ही परिवार के दो बच्चों की अचानक से मौत हो गई है. मृत बच्चे भाई-बहन थे. लड़के का नाम आरव(6) और लड़की का नाम दानिका(9) है. दोनों बच्चों की मौत के बाद परिवार में सनसनी फैल गई है.
मोमोज और चाप को मंगवाया
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम तक परिवार का माहौल काफी खुशनुमा था. दोनों बच्चे भी पूरी तरीके से स्वस्थ लग रहे थे. बच्चों ने अपने पिता से रेहडी से मोमोज और चाप को मंगवाया था. दोनों बच्चों ने रात 8 बजे के करीब इसको खाया था, जिसके दो घंटे बाद अचानक ही बच्चों की तबीयत खराब होने लगी. बच्चे काफी ज्यादा बेचैनी और उल्टी की शिकायत कर रहे थे.
अचानक से हुई मौत
बच्चों की हालत देख माता-पिता बच्चों को अपने घर ले गए. डॉक्टरों ने बच्चों का इलाज तो शुरू कर दिया था, लेकिन उनकी हालत धीरे-धीरे और खराब होते जा रही थी. डॉक्टरों की बहुत कोशिश के बाद दोनों बच्चों की हालत में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई.
परिवार वालों ने बताया कि 10 दिन पहले ही आरव का जन्मदिन था. पूरा परिवार बहुत खुशी से रह रहा था. दोनों बच्चों की रहस्यमयी मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट गया है.
पोस्टमार्टम के बाद ही निकलेगा कुछ एंगल
पुलिस वालों को इस घटना की सूचना दी गई है, जिसके बाद हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बच्चों की मौत के पीछे की वजह का पता लग पाएगा. जैसे ही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आएगी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: ‘मेरे पेट में बहुत दर्द हो रहा है…’ बहाने से खुलवाया हवालात का गेट, पुलिस कस्टडी से भाग गए शातिर अपराधी
