तेलंगाना में अब पुलिस में किसी भी पद पर तैनात जवान को जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सरी पर छुट्टी मिलेगी. तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक ने बताया कि इस कदम से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा.

पुलिसकर्मियों की छुट्टी को लेकर बड़ा फैसला
वैसे तो किसी भी नौकरी में छुट्टी मिलना मानों एक बड़े टास्क के जैसा होता है, लेकिन फिर भी हमें कुछ दिक्कतों के बाद छुट्टियां मिल जाती हैं. सरकारी नौकरी में छुट्टी मिलने में दिक्कतों की बात करें, तो सबसे पहले पुलिस वालों का नाम आता है. होली-दीवाली जैसे त्योहार हों या दूसरे कोई फंक्शन, पुलिसकर्मी अपने घरों से दूर ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, लेकिन अब दक्षिण भारत के राज्य तेलंगाना में इसे लेकर बड़ा फैसला लिया गया है.
जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सरी पर मिलेगी छुट्टी
तेलंगाना में पुलिसकर्मियों को लेकर ऐलान किया गया है. जिससे पुलिस प्रशासन में खुशी का माहौल बन गया है. तेलंगाना में अब पुलिसकर्मियों को उनके जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर छुट्टी दी जाएगी. तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी ने ऐलान करते हुए कहा है कि तेलंगाना में इस कदम से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य में पुलिसकर्मियों के कल्याण में काफी अहम है.
त्याग को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला
तेलंगाना के DGP के मुताबिक पुलिसकर्मियों के द्वारा ड्यूटी के दौरान किए जाने वाले त्याग को ध्यान में रखते हुए इस तरह के फैसले को लिया गया है. महानिदेशक बी शिवधर रेड्डी के मुताबिक यह कदम पुलिस बल के लगातार समर्पण के प्रति आभार के रूप में उठाया गया है. तेलंगाना डीजीपी ने बताया कि इस फैसले का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि राज्य में पुलिस में किसी भी पद पर तैनात हर सदस्य यह व्यक्तिगत अवसर अपने परिवार के साथ मना सकें.
2 मौकों पर मिलेगी छुट्टी
तेलंगाना राज्य में अब पुलिसकर्मियों का लाइफ बैलेंस पहले से बेहतर हो पाएगा. तेलंगाना पुलिस में तैनात सभी जवानों को अब जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सरी जैसे 2 मौकों पर छुट्टी मिल सकेगी. सभी अधिकारियो को यह निर्देश दिए गए हैं, कि वे अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तरफ से मांगी जाने वाली छुट्टी को स्वीकृत कर लें. तेलंगाना पुलिस की तरफ से यह आदेश जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल चुनाव: 12 लाख आवेदनों में 1468 को मंजूरी; दूसरे चरण का कल होना है मतदान
