UP Monsoon Alert: उत्तर प्रदेश में सुस्त पड़ा मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ लौटने जा रहा है. मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 3 अगस्त को प्रदेश के करीब 45 जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. सोमवार से शुरू हो रहा यह मानसूनी दौर गुरुवार तक जारी रह सकता है. हालांकि अब तक राज्य में उम्मीद से कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन अगस्त से लेकर मध्य सितंबर तक यूपी में झमाझम बारिश का तांडव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय मानसूनी सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.
इन प्रमुख जिलों में होगी झमाझम बारिश
मौसम केंद्र के अनुसार, पूर्वी यूपी के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, बहराइच, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, मऊ, देवरिया और कुशीनगर जैसे इलाकों में तेज बारिश होगी. वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बरेली और मुरादाबाद समेत आसपास के जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है.
राहत के साथ बढ़ेगी मुश्किलें
लगातार जारी उमस और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बारिश से काफी हद तक राहत मिलेगी. हालांकि, मूसलाधार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और खेतों में पानी भरने की समस्या भी खड़ी हो सकती है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
आने वाले दिनों में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह मानसूनी सिस्टम 4 से 6 अगस्त तक लगातार सक्रिय रहेगा, जिससे राज्य में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार भारी बारिश का दौर बना रह सकता है, इसलिए प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: तेलंगाना में सनसनी! पैर हाथ बांध कर की पत्नी की हत्या… जांच में जुटी पुलिस
