Uttarakhand Paper Leak: पूरे देश में नीट पेपर लीक को लेकर बवाल मचा हुआ है. इस बीच उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी की सेमेस्टर परीक्षा से पहले पेपर लीक हो गया है. जिसकी वजह से दो विषयों की परीक्षाएं रद्द हो गई हैं. साथ ही आरोपी सहायक प्रोफेसर पर 7 साल तक सभी परीक्षा संबंधित कार्यों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है. जांच के बाद यूनिवर्सिटी ने यह कार्रवाई की है.
सभी इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा रद्द
जानकारी के मुताबिक, मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थिअरी की सेमेस्टर परीक्षा के पेपर लीक हुए हैं. इन दोनों विषयों की जल्द ही सेमेस्टर परीक्षा होने वाली थी. इससे पहले ही पेपर लीक हो गया. यूनिवर्सिटी से संबंधित सभी इंजीनियरिंग कॉलेज में परीक्षा रद्द हो गई है. इस मामले में प्रश्नपत्र तैयार करने वाले शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, देहरादून के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सात साल तक परीक्षा संबंधी कार्यों से बैन कर दिया गया है.
जांच के बाद की कार्रवाई
यह पूरा मामला सत्र 2025-26 की सम सेमेस्टर परीक्षाओं का है. यूनिवर्सिटी को मैकेनिकल लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स विषय के प्रश्नपत्र को लेकर शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद यूनिवर्सिटी ने उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की. इतना ही नहीं संबंधित संस्थान शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने भी अपने स्तर पर मामले की जांच की. जांच रिपोर्ट में सामने आया कि इस विषय के बाह्य प्रश्न पत्र को बनाने वाले आशीष कुमार गुप्ता ने परीक्षा से पहले प्रश्न छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किए थे.
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को चेतावनी
जांच समिति ने इसे परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और नियमों का उल्लंघन माना. इस मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी प्रोफेसर की ओर से तैयार किए गए इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी विषय का प्रश्नपत्र भी लीक हुआ. इसके बाद यूनिवर्सिटी ने दोनों विषयों की पहले आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया. यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके पटेल के मुताबिक, निरस्त की गई दोनों परीक्षाओं का आयोजन अगस्त के तीसरे हफ्ते में कराया जाएगा. परीक्षा की तारीख और केंद्रों की जानकारी अलग से जारी की जाएगी. प्रभावित छात्रों को संबंधित कॉलेजों के माध्यम से इसकी सूचना दी जा रही है.
यूनिवर्सिटी ने न सिर्फ आरोपी प्रोफेसर को सात सालों के लिए बैन किया है, बल्कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को भी भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए चेतावनी दी है. बहरहाल इस मामले ने परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ये भी पढ़ें: Ayodhya Sant Sammelan: अयोध्या में आज संतों की अहम बैठक होगी, चढ़ावा चोरी रहेगा बैठक का मुद्दा
