Uttarakhand Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग ने 20 जुलाई 2026 यानि सोमवार के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है. मौसम विभाग ने तीन जिलों के लिए रेड अलर्ट, पांच जिलों के लिए ऑरेंज और 5 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 20 जुलाई को देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार और नैनीताल में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बिजली गिरने और तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका है.टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भी भारी बारिश की चेतावनी है. वहीं, आगामी 21 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जबकि, 22 और 23 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.
देहरादून में सुबह से ही जोरदार बारिश का सिलसिला जारी
राजधानी देहरादून और उसके आस-पास के इलाकों में सुबह से ही जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने देहरादून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बेहद तेज बारिश की चेतावनी दी है. देहरादून के विकासनगर और पछवादून क्षेत्र के साथ-साथ चकराता के पहाड़ी इलाकों में भी जबरदस्त बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है.
बता दें भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के लिए 19 से 23 जुलाई तक पांच दिनों का जिला स्तरीय मौसम पूर्वानुमान जारी किया है.मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. 20 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है.
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने पर्यटकों से भी अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश को देखते हुए पर्यटक अनावश्यक यात्रा करने से बचे. इसके अलावा मौसम विभाग ने कहा है की नदी और नालों से दूर रहे और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए सभी दिशा निर्देशों का पालन करें.
ये भी पढ़ें: NEET UG री-एग्जाम का रिजल्ट जारी, लड़कियों ने पास प्रतिशत में मारी बाजी
