पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच महिला ने आरोप लगाया है कि देर रात में IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान उनके घरों में जबरदस्ती घुसे और महिलाओं के साथ में मारपीट की.

IPS अजय पाल शर्मा पर आरोप
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा सीट में एक शिकायत के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है. फाल्टा थाने में एक महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि देर रात में IPS अधिकारी अजय पाल शर्मा और केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान उनके घरों में जबरदस्ती घुसे और महिलाओं के साथ में मारपीट की.
बिना आदेश के घर में घुसे
महिला की शिकायत के मुताबिक पूरी घटना 27 अप्रैल की देर रात की है. पीड़ित महिला ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का सदस्य होने का दावा किया और बिना किसी आदेश और वारंट के उनके घर में घुस गए. जिसके बाद उन लोगों ने घर के पुरुष सदस्यों को हिरासत में लेने की धमकी दी और इस बात का विरोध करते हुए महिलाओं को धक्का देते हुए मारपीट और छेड़खानी की.
बात न मानने पर दी धमकी
महिला ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उन लोगों ने बीजेपी के पक्ष में वोट डालने के लिए भी दबाव डाला. पीड़ितों से कहा गया कि अगर उन लोगों ने ऐसा नहीं किया तो 4 मई के बाद दोबारा घर में घुसकर नुकसान किया जाएगा. इसको लेकर पीड़िता ने प्रशासनिक जिम्मेदारियों पर भी सवाल उठाया है. शिकायत के दौरान महिला ने UP के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में तैनात अजय पाल शर्मा का नाम लेते हुए कहा कि यह पूरी घटना उनके कार्यकाल और प्रभाव के दौरान हुई है.
शिकायतकर्ता ने की FIR की मांग
आरोप है कि अजय पाल शर्मा की ओर से पहले भी धमकी और दबाव की स्थिति बनाई गई थी. शिकायतकर्ता ने मांग की है कि मामले में तत्काल FIR लिखी जाए और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए. फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन या अधिकारियों की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. इस शिकायत के सार्वजनिक होने के बाद मामला चुनाव की निष्पक्षता और सुरक्षा बलों की भूमिका को लेकर बड़े सवाल खड़े करता है.
यह भी पढे़ं- EVM पर टेप, उम्मीदवार का नाम गायब! चुनाव आयोग ने दिए दोबारा वोटिंग के आदेश; फाल्टा विधानसभा का मामला
