बारामुला जिले के उरी सेक्टर में मंगलवार को ग्रेनेड फटने के कारण 2 जवान शहीद हो गए हैं. इस घटना के बाद सेना में गहरा दुख है. यह हादसा LoC के पास हुआ है, जिसमें 2 जवान इलाज के दौरान शहीद हो गए.

उरी में 2 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है. बारामुला के उरी सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास मंगलवार को अचानक एक ग्रेनेड अचानक फट गया, जिससे सेना के 2 जवान शहीद हो गए. जानकारी के मुताबिक दोनों जवान महाराष्ट्र के ठाणे और सतारा जिले के रहने वाले थे. शहीद जवानों की पहचान जुर्न जाधव और विक्रम बालकृष्ण के रूप में की गई है.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल से उन्हें श्रीनगर में मौजूद सेना के 92 बेस हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों जवानों ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम के लगभग 4.30 बजे के आसपास हुआ था.
हैंड ग्रेनेड फटने से हुए हादसा
जानकारी के मुताबिक उरी के कमलकोट में मौजूद एक शिविर में उपकरणों के नियमित ट्रांसफर के दौरान एक हैंड ग्रेनेड गलती से फट गया था. इस दौरान 2 जवान घायल हो गए और इलाज के दौरान दोनों शहीद हो गए. दोनों जवान 8 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे. इस घटना को लेकर सेना ने काफी दुख जताया है. अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों शहीदों के पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उनके गांव भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें- जमीन मिलते ही बदले पोतों के तेवर! दादी ने कर दिया केस; कोर्ट ने वापस लौटाया हक
